अलवर शहर में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया।
अलवर शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब मोती डूंगरी स्थित प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार पोस्ट ऑफिस को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। एहतियात के तौर पर पोस्ट ऑफिस में मौजूद सभी कर्मचारियों को बाहर निकाल दिया गया और कुछ समय के लिए आम लोगों की आवाजाही भी रोक दी गई।
पुलिस टीम ने पोस्ट ऑफिस भवन के अंदर और आसपास के इलाके में संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए बारीकी से जांच की। घटना की खबर फैलते ही आसपास के क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। कोतवाली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ओमप्रकाश ने बताया कि धमकी पाकिस्तान से आए एक ई-मेल के माध्यम से मिली है। पुलिस और तकनीकी टीम ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अलवर के मिनी सचिवालय को कई बार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि हर बार जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बावजूद इसके अब तक धमकी देने वालों की पहचान नहीं हो सकी है। लगातार मिल रही धमकियों ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और साइबर टीम ई-मेल के स्रोत की जांच में जुटी हुई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।