अलवर

अलवर गैंगरेप केस अपडेट: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल डेटा से खुलेगा राज

अलवर जिले के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ हुए जघन्य गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

2 min read
Apr 25, 2026
आरोपियों की गाड़ी, जिसे लोगों ने आग के हवाले किया

अलवर जिले के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा के साथ हुए जघन्य गैंगरेप मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है, जिसके चलते कल ग्रामीणों ने आरोपियों की गाड़ी को आग के हवाले कर दिया था। पुलिस अब मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल डेटा बना अहम कड़ी

मामले की जांच कर रहे पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। आज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी और गैंगरेप के मुख्य आरोपी को धर दबोचा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। अधिकारियों का मानना है कि आरोपी का मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल्स इस जघन्य वारदात की गुत्थी सुलझाने में सबसे महत्वपूर्ण सबूत साबित होंगे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के दौरान आरोपियों ने किससे संपर्क किया और पीड़िता के आपत्तिजनक वीडियो-फोटो कहीं किसी और के साथ तो साझा नहीं किए गए।

अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य दो फरार आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है। इनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दौसा और आसपास के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

क्या था मामला?

उल्लेखनीय है कि 23 अप्रेल की सुबह 11वीं की छात्रा स्कूल जा रही थी, तभी बोलेरो सवार तीन युवकों ने उसे जबरन गाड़ी में खींच लिया। आरोपियों ने पीड़िता के हाथ बांधकर और आंखों पर पट्टी बांधकर उसे सुनसान जगह पर बने एक कमरे में ले जाकर गैंगरेप किया। दरिंदों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर उसके आपत्तिजनक वीडियो भी बनाए। बाद में आरोपियों ने उसे छोड़ने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों की भीड़ देखकर वे गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने तत्काल गाड़ी में आग लगा दी थी। पीड़िता के पिता के निधन के बाद घर की स्थिति पहले ही नाजुक है और अब इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

Published on:
25 Apr 2026 11:59 am
Also Read
View All