अलवर

Alwar: उल्टा तिरंगा फहराने और समय पर नहीं उतारने पर 2 संस्था प्रधानों के खिलाफ करवाई 

अलवर जिले के कठूमर क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बमनपुरा में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर तिरंगा उल्टा फहराने और मालाखेड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय चांद पहाड़ी में राष्ट्रीय ध्वज को निर्धारित समय के बाद भी नहीं उतारने का मामला सामने आया था।

2 min read
Feb 10, 2026
representative picture (AI Photo)

अलवर जिले के कठूमर क्षेत्र के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बमनपुरा में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर तिरंगा उल्टा फहराने और मालाखेड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय चांद पहाड़ी में राष्ट्रीय ध्वज को निर्धारित समय के बाद भी नहीं उतारने का मामला सामने आया था। शिकायत मिलने के बाद इन दोनों प्रकरणों में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) देवेन्द्र सिंह ने संबंधित सीबीईओ से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी थी।

जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट डीईओ को सौंपी गई, जिसके आधार पर कार्रवाई के प्रस्ताव शिक्षा विभाग के निदेशक को भेज दिए गए हैं। सोमवार को डीईओ कार्यालय की ओर से दोनों विद्यालयों के संस्था प्रधानों से कार्रवाई से संबंधित प्रपत्र भरवाकर मंगाए गए हैं। डीईओ ने बताया कि चांद पहाड़ी विद्यालय के संस्था प्रधान पर जिला स्तर से कार्रवाई की जाएगी, जबकि बमनपुरा कठूमर विद्यालय के संस्था प्रधान के खिलाफ निदेशक के मार्गदर्शन में नियमानुसार कार्रवाई होगी।

संस्था प्रधानों ने स्वीकार की भूल

डीईओ ने बताया कि उक्त दोनों विद्यालयों के संस्था प्रधानों ने भेजी गई तथ्यात्मक रिपोर्ट में अपनी गलती स्वीकार की है। बमनपुरा विद्यालय की रिपोर्ट में बताया गया कि राष्ट्रीय ध्वज विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों व ग्रामीणों की ओर से लगाया गया था और मानवीय भूल के कारण तिरंगा उल्टा बंध गया तथा समय पर उतारा नहीं जा सका।

संस्था प्रधान की ओर से भविष्य में ऐसी गलती न होने का आश्वासन दिया गया है। वहीं, चांद पहाड़ी विद्यालय की संस्था प्रधान ने बताया कि उन्होंने एसएमसी सदस्यों को ध्वज अवतरण की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन भूलवश अवतरण नहीं हो सका। संस्था प्रधान ने इस पर खेद व्यक्त करते हुए भविष्य में सतर्कता बरतने की बात कही है।

इस प्रकरण में दोनों स्कूलों के संस्था प्रधानों से कार्रवाई के लिए अ, ब, स और द प्रपत्र भरवाए जा रहे हैं। बमनपुरा कठूमर स्कूल के संस्था प्रधान पर निदेशक स्तर से और चांद पहाड़ी स्कूल के संस्था प्रधान पर जिला स्तर से कार्रवाई की जाएगी - देवेन्द्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक)

Updated on:
10 Feb 2026 12:25 pm
Published on:
10 Feb 2026 12:24 pm
Also Read
View All

अगली खबर