
Amit Shah's rally in Alwar: अलवर में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बड़ी जनसभा होगी। विजय नगर मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर के 6,279 करोड़ रुपए की लागत वाले 933 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा। इनमें अलवर जिले के 783 करोड़ रुपए के 151 विकास कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान अलवर को भी कई बड़ी सौगातें मिलेंगी। 200 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए सरस डेयरी प्लांट का शिलान्यास किया जाएगा। वहीं अलवर के नए मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण होगा। कार्यक्रम में 10,548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे। जनसभा में अलवर के अलावा कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा सहित आसपास के जिलों से करीब एक लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।
अमित शाह के दौरे के विरोध को लेकर पुलिस ने रविवार को कार्रवाई की। NSUI प्रदेश महासचिव विनोद जाटव, युवा नेता विशाल भाटी, प्रदेश सचिव अंकित गुर्जर और जिला उपाध्यक्ष अजय चौधरी समेत कई कार्यकर्ताओं को आरआर सर्किल से हिरासत में लिया गया।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अमित शाह के दौरे के दौरान छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने जा रहे थे। हिरासत में लिए जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार छीना नहीं जाना चाहिए।
बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए शहर में 13 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। राजगढ़ और थानागाजी रोड से आने वाली बसों के लिए नवीन राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में करीब 300 बसों की पार्किंग रखी गई है। मीरा पब्लिक स्कूल में एक हजार दोपहिया और कारों के लिए जगह तय की गई है।
तिजारा, किशनगढ़ और रामगढ़ मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए बाबू शोभाराम कॉलेज में पार्किंग बनाई गई है। यहां 434 बसें खड़ी हो सकेंगी। दशहरा मैदान में 150 बसों और कारों के लिए जगह है। बहरोड़ रोड से आने वाले वाहनों को खाटू श्याम मंदिर मैदान में पार्क कराया जाएगा, जहां 150 कारों की क्षमता है।
रामलीला मैदान में 90 बसों और कारों के लिए जगह तय की गई है। बुद्ध विहार आयुर्वेद कॉलेज क्षेत्र में बसों के ठहराव की व्यवस्था है। भाजपा कार्यकर्ताओं के वाहनों के लिए कर्बला मैदान आरक्षित रहेगा। ईएसआइसी खेल मैदान, ट्रांसपोर्ट नगर में 100 बसों की पार्किंग बनाई गई है।
वीआईपी और जनप्रतिनिधियों के वाहन मेडिकल कॉलेज परिसर में पार्क किए जा सकेंगे। जेल परिसर में केवल अधिकारियों के वाहन खड़े होंगे। जनसभा को देखते हुए शहर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस व प्रशासन अलर्ट है।