28 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Alwar / थानाधिकारी की पत्नी करोड़पति तो सांसद की जेठानी के नाम नहीं कोई अचल संपत्ति, अलवर की 2 महिला प्रधान चर्चा में

थानाधिकारी की पत्नी करोड़पति तो सांसद की जेठानी के नाम नहीं कोई अचल संपत्ति, अलवर की 2 महिला प्रधान चर्चा में

राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान के चुनाव संपन्न होने के बाद अब नवनिर्वाचित प्रधानों की संपत्ति, शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। अलवर जिले में निर्विरोध निर्वाचित हुईं दो महिला प्रधान चर्चा में हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 28 Nov 2026, 1:05 PM IST

Beena Meena and Priya Jatav

बीना मीना और प्रिया जाटव। फोटो: पत्रिका


अलवर। राजस्थान में पंचायत समिति प्रधान के चुनाव संपन्न होने के बाद अब नवनिर्वाचित प्रधानों की संपत्ति, शिक्षा और पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। अलवर जिले में निर्विरोध निर्वाचित हुईं दो महिला प्रधान चर्चा में हैं। राजगढ़ पंचायत समिति की प्रधान बीना मीना थानाधिकारी की पत्नी हैं और करोड़ों की संपत्ति की मालकिन हैं। राजगढ़ पंचायत समिति की नवनिर्वाचित प्रधान बीना मीना की उम्र 40 वर्ष है और वे बीए पास हैं। उनके पति भगवान सहाय मीना जयपुर ग्रामीण जिले के जमवारामगढ़ में थानाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

वहीं, खेरली-सौखर पंचायत समिति की प्रधान प्रिया जाटव भरतपुर सांसद संजना जाटव की जेठानी हैं। खास बात यह है कि प्रिया के खुद के नाम कोई अचल संपत्ति नहीं है, जबकि उनके पति के नाम 53 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। दोनों महिला प्रधान कांग्रेस से निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं।

थानाधिकारी की पत्नी के पास दो करोड़ से ज्यादा की संपत्ति

नामांकन के साथ प्रस्तुत संपत्ति विवरण के अनुसार बीना मीना का स्टोन क्रेशर का व्यवसाय है। उनके पास 25 हजार रुपए नकद और दो लाख रुपए बैंक में जमा हैं। इसके अलावा 40 लाख रुपए की फॉर्च्यूनर कार, 100 ग्राम सोना और एक किलो चांदी है। सोने-चांदी की बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। बीना के पास कुल 62 लाख 25 हजार रुपए की चल संपत्ति है। इसके अलावा जयपुर के वैशाली नगर में करीब एक करोड़ 40 लाख रुपए कीमत की आवासीय जमीन है। इस तरह उनके पास कुल दो करोड़ दो लाख 25 हजार रुपए की चल-अचल संपत्ति है।

निर्दलीय जीती, कांग्रेस की प्रधान बनी बीना

बीना मीना राजगढ़ पंचायत समिति के वार्ड 15 से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीती थीं। प्रधान पद के लिए उन्होंने कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। वहीं, वार्ड 17 से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित धनपति मीना ने भी नामांकन दाखिल किया था। धनपति के नामांकन वापस लेने के बाद बीना मीना निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुईं। भाजपा की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं किया गया था। राजगढ़ पंचायत समिति के 23 सदस्यों में 12 कांग्रेस, तीन भाजपा और आठ निर्दलीय हैं।

सांसद की जेठानी के नाम नहीं जमीन-मकान

खेरली-सौखर पंचायत समिति की नवनिर्वाचित प्रधान प्रिया जाटव की उम्र 31 वर्ष है और वे 12वीं पास हैं। समूची गांव निवासी प्रिया भरतपुर सांसद संजना जाटव की जेठानी हैं। उनके पति श्रीनिवास जाटव ठेकेदार हैं। प्रिया के तीन बच्चे हैं। नामांकन के साथ प्रस्तुत संपत्ति विवरण में प्रिया ने अपने नाम कृषि भूमि, गैर कृषि भूमि, भवन और अन्य संपत्ति शून्य दर्शाई है। प्रिया जाटव के पति श्रीनिवास के नाम अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ में चार बीघा और भरतपुर जिले के अलीपुर में डेढ़ बीघा कृषि भूमि है। इसकी बाजार कीमत 37 लाख रुपए बताई गई है। इसके अलावा अलवर में 200-200 वर्गगज के दो आवासीय भूखंड और सौखरी में 500 वर्गगज का एक भूखंड है। इनकी कुल कीमत 16 लाख रुपए दर्शाई गई है। इस तरह प्रिया के पति के नाम कुल 53 लाख रुपए की अचल संपत्ति है।