अलवर

Alwar: कलक्टर पर बढ़ता जा रहा कार्यभार, 4 विभागों का बनाया प्रशासक, इन पदों पर राजनीतिक दल अपने चेहरे करते फिट

नगर निगम के चुनाव देरी से होने के चलते सरकार ने निगमों में जिला कलक्टर को प्रशासक बना दिया। अब सरस डेयरी के अध्यक्ष का पद भी खाली हो गया। उसका जिम्मा भी सरकार ने जिला कलक्टर को दे दिया।

2 min read
May 11, 2025

अलवर. यूआईटी, मेवात विकास बोर्ड, सरस डेयरी व नगर निगम के अध्यक्ष पद पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं को फिट किया जाता है, लेकिन इनकी जिम्मेदारी जिला कलक्टर आर्तिका शुक्ला पर आ गई। उनके पास पहले ही पूरे जिले के संचालन की जिम्मेदारी है। यह चारों विभाग सीधे जनता से जुड़े हैं। ऐसे में प्रमुख जिम्मेदारी मिलने से उन पर कार्यभार बढ़ गया है। हालांकि वह इन विभागों के कामों की नियमित समीक्षा करके गति दे रही हैं।

यूआईटी बनने के बाद से करीब तीन दशक में दो बार ही अध्यक्ष की तैनाती की गई है। बाकी समय में इसका चार्ज जिला कलक्टर्स के पास ही रहा है। संबंधित पार्टियों के नेताओं ने खूब जोर आजमाइश की, लेकिन किसी को पार्टियों ने तरजीह नहीं दी। यानी इस कुर्सी पर नहीं बैठाया। मेवात विकास बोर्ड के अध्यक्ष की कुर्सी पर भी नसरू खान व जुबेर खान बैठे थे, बाकी समय यह पद भी खाली रहा।

नगर निगम के चुनाव देरी से होने के चलते सरकार ने निगमों में जिला कलक्टर को प्रशासक बना दिया। अब सरस डेयरी के अध्यक्ष का पद भी खाली हो गया। उसका जिम्मा भी सरकार ने जिला कलक्टर को दे दिया। यानी इन विभागों के समुचित निर्णय लेने की जिम्मेदारी दे दी गई। जिला कलक्टर केंद्र से लेकर प्रदेश सरकार की अधिकांश योजनाओं में अध्यक्ष होते हैं। इसके अलावा सीएम व पीएम के 15 सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा करते हैं। कानून व्यवस्था से लेकर तमाम जिम्मेदारियां कलक्टर के पास हैं।

तीन पदों के लिए कई चेहरे लाइन में

यूआईटी, सरस डेयरी व मेवात विकास बोर्ड के अध्यक्ष पद पर काबिज होने के लिए भाजपा के कई नेता लाइन में लगे हैं। बड़े नेताओं की शरण ले रहे हैं, सिफारिशें करवा रहे हैं, लेकिन सफलता नहीं मिल पा रही है। बताया जा रहा है कि सरस डेयरी के बोर्ड का गठन जल्द हो सकता है। अध्यक्ष की तैनाती होगी। इसके अलावा यूआईटी को भी अध्यक्ष मिल सकता है। नगर निगम मेयर की तैनाती चुनाव के बाद ही होगी। चुनाव नवंबर या दिसंबर में होने की संभावना है।

Published on:
11 May 2025 03:51 pm
Also Read
View All

अगली खबर