
अलवर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। 16 अगस्त को अमित शाह के हवाई मार्ग से अलवर आने के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर जिला मुख्यालय को रेड जोन यानी नो ड्रोन जोन घोषित किया गया है। इस दौरान अलवर शहर और जिला मुख्यालय क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी (आईपीएस) ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर यह आदेश लागू किया गया है। नो ड्रोन जोन की व्यवस्था 14 अगस्त की मध्यरात्रि से प्रभावी होगी और 17 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक लागू रहेगी। इस अवधि में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी।
अमित शाह के अलवर दौरे को लेकर कार्यक्रम स्थल पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हो, इसके लिए पार्किंग व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अगस्त को अलवर दौरे के दौरान राजस्थान को करीब 14 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात देंगे। उनके दौरे को लेकर अलवर जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां चल रही हैं। अलवर में करीब तीन लाख लीटर क्षमता वाले सरस डेयरी प्लांट का शिलान्यास प्रस्तावित है। इसके साथ ही अलवर जिले को लगभग 700 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिलने की बात कही गई है।
दौरे के दौरान अलवर शहर के मेडिकल कॉलेज का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने की घोषणा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा जिलों से जुड़े करीब 1100 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का शुभारंभ भी किया जाएगा। अमित शाह के दौरे को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी है।
नो ड्रोन जोन लागू करने के साथ ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है। प्रशासन की कोशिश है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के साथ आम लोगों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।