अलवर

अलवर: बघेरे का आतंक: एक रात में 5 बकरियों का शिकार, 10 दिन में 11 पशुओं को बनाया निशाना

अलवर जिले के प्रतापगढ़ क्षेत्र में बघेरे का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हमीरपुर गांव की खेरूका की ढाणी में बघेरे ने किसान के बाड़े में घुसकर पांच बकरियों को मार डाला। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत है और वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग उठ रही है।
2 min read
Jul 31, 2026
alwar leopard attack hamirpur
घटनास्थल पर पीड़ित (फोटो - पत्रिका)

अलवर जिले के प्रतापगढ़ क्षेत्र के हमीरपुर गांव में बघेरे का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार रात बघेरे ने खेरूका की ढाणी में एक किसान के घर के पीछे बने बाड़े में घुसकर पांच बकरियों का शिकार कर दिया। शुक्रवार सुबह जब किसान बाड़े में पहुंचा तो सभी बकरियां मृत मिलीं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

5 बकरियां मृत

पीड़ित किसान रामप्रताप मीणा ने बताया कि रोज की तरह उन्होंने रात में अपनी पांचों बकरियों को घर के पीछे बने बाड़े में बांध दिया था। परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। सुबह जब वे बाड़े में पहुंचे तो पांचों बकरियां मृत पड़ी थीं। उनके शरीर पर मिले घावों को देखकर बघेरे के हमले की आशंका जताई गई।

किसान के अनुसार इस घटना में करीब 60 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना प्रतापगढ़ वन चौकी को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके की जानकारी लेकर मामले की रिपोर्ट तैयार की।

पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित

ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले करीब दस दिनों में यही बघेरा हमीरपुर क्षेत्र में दस बकरियों और एक भैंस के पाड़े का शिकार कर चुका है। लगातार हो रहे हमलों से पशुपालकों में डर बना हुआ है। लोग रात के समय अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और कई परिवार पूरी रात जागकर निगरानी करने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि बघेरे को जल्द पकड़कर आबादी से दूर जंगल में छोड़ा जाए, ताकि लोगों और उनके पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आगे और बड़े नुकसान की आशंका बनी रहेगी।

अलवर जिले के प्रतापगढ़ वन नाका के चौकी प्रभारी देशराज मीणा ने बताया कि हमीरपुर की खेरूका की ढाणी में बघेरे द्वारा पांच बकरियों के शिकार की सूचना मिली है। मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। नियमानुसार पीड़ित किसान को मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में बघेरे की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इन बकरियों के शिकार के बाद गांव में अन्य लोगों में भी डर का माहौल यही।

Updated on:
31 Jul 2026 06:17 pm
Published on:
31 Jul 2026 06:17 pm