
निवर्तमान सरपंच एवं प्रशासक हेमंत बैरवा। फोटो: पत्रिका
कठूमर। नाटौज ग्राम पंचायत के निवर्तमान सरपंच एवं प्रशासक हेमंत बैरवा ने आत्महत्या की चेतावनी दी तो हड़कंप मच गया। हेमंत बैरवा ने कहा कि ग्राम विकास अधिकारी अंजली दीक्षित का 10 जुलाई को तबादला हुआ था, लेकिन कठूमर पंचायत समिति के बीडीओ हरिमोहन मीणा उसे रिलीव नहीं कर रहे। बीडीओ हरिमोहन मीणा को लिखे पत्र में हेमंत बैरवा ने लिखा कि जिला परिषद के 10 जुलाई के आदेश के अनुसार, ग्राम विकास अधिकारी अंजली दीक्षित का स्थानांतरण लक्ष्मणगढ़ किया जा चुका है। इसके बावजूद उन्हें अब तक कार्यमुक्त नहीं किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अंजली दीक्षित करीब तीन वर्ष से नाटौज में कार्यरत थीं और उनके कार्यकाल में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का भुगतान लंबित है। इस संबंध में उन्होंने बीडीओ हरिमोहन मीणा से दो बार मौखिक रूप से ग्राम विकास अधिकारी को रिलीव करने का आग्रह किया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अलवर जिले की नाटौज ग्राम पंचायत के प्रशासक हेमंत बैरवा ने सोशल मीडिया पर भी वीडियो जारी कर ग्राम विकास अधिकारी पर आरोप लगाए हैं। बैरवा ने कहा कि ग्राम पंचायत के विकास कार्य लंबे समय से प्रभावित हैं और तबादले आदेश के बाद भी ग्राम विकास अधिकारी को अब तक रिलीव नहीं किया गया है।
सरपंच ने कहा कि ग्राम पंचायत में विकास कार्य और भुगतान रुके हुए हैं, जिससे वे लगातार मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने कहा कि विकास अधिकारी गांव के विकास कार्यों को लेकर कोई सहयोग नहीं करती है। जिसके चलते मैं परेशान हूं। इसी कारण वे एक दिन पहले करीब पांच घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है या वे खुदकुशी करते हैं तो इसकी जिम्मेदारी ग्राम विकास अधिकारी अंजली दीक्षित की होगी।
इस संबंध में बीडीओ हरिमोहन मीणा का कहना है कि उन्होंने प्रशासक हेमंत बैरवा और ग्राम विकास अधिकारी अंजली दीक्षित को अपने कार्यालय बुलाकर समझाइश की। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत के लंबित विकास कार्यों का भुगतान हो और वर्ष का आवश्यक प्लान अपलोड कर स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाए। ग्राम विकास अधिकारी को सोमवार तक सभी लंबित कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। यदि निर्धारित समय तक कार्य पूरे नहीं किए गए, तो उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Updated on:
31 Jul 2026 11:37 am
Published on:
31 Jul 2026 11:37 am
