
आरोपी पति धर्मेंद्र सोनी व पत्नी दीपिका। पत्रिका फाइल फोटो
Deepika Verma Murder Case: बहरोड़ की शिक्षक कॉलोनी के पीछे 27 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत के मामले का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली थानाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान धर्मेंद्र सोनी निवासी जैजौली, थाना मधुबन, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को घटना के महज आठ घंटे के भीतर दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार किया।
बता दें कि 27 जुलाई को शिक्षक कॉलोनी के पीछे एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां महिला मृत अवस्था में मिली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम भी कराया गया।
मृतका के पिता बद्रीनारायण वर्मा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी की शादी धर्मेंद्र सोनी से 22 नवंबर 2019 को हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार, 26 जुलाई की रात दीपिका ने फोन कर बताया था कि धर्मेंद्र शराब के नशे में उसके साथ मारपीट कर रहा है। अगले दिन भी उसने फोन कर बताया कि धर्मेद्र उससे सादे कागज पर कुछ लिखवा रहा है। इसके बाद उसका फोन नहीं उठा और परिजनों को उसकी मौत की सूचना मिली। पुलिस ने आरोपी पति धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा दिया।
पूछताछ में सामने अया कि उत्तरप्रदेश के मऊ जिले का मधुबन निवासी धर्मेंद्र सोनी अपनी ही पत्नी दीपिका वर्मा के चरित्र पर शक करता था। इसी बार को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। 26 जुलाई की रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान गुस्से में आकर धर्मेंद्र ने पहले अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी।
पूछताछ में सामने आया कि धर्मेंद्र ने पूरे मामले को खुदकुशी दिखाने की कोशिश की थी। हालांकि, वह नशे में होने के कारण पत्नी को फंदे पर नहीं लटका पाया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया है कि मौत से पहले दीपिका के साथ मारपीट की गई थी। उसके सिर में खून का धक्का जमा हुआ मिला। वहीं, गले पर भी निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की मौत दम घुटने की वजह से हुई। धर्मेंद्र सोनी केशवाना स्थित एक ग्लास कंपनी में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। दीपिका और धर्मेंद्र की शादी 2019 में हुई थी। लेकिन, दोनों के कोई संतान नहीं थी।
Updated on:
30 Jul 2026 12:32 pm
Published on:
30 Jul 2026 12:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
