अलवर शहर के एक थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट कर उसकी न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है।
अलवर शहर के एक थाना क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट कर उसकी न्यूड वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पांच युवकों ने पीड़ित को धमकाकर वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उससे एक लाख रुपए की मांग की। पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब एक माह पहले कुछ युवकों ने उसे फोन कर शहर के एक सुनसान इलाके में बुलाया। वहां पहुंचने पर पहले स्केच बनाने से जुड़ी बातें की गईं, लेकिन कुछ ही देर में आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद जबरन उसके कपड़े उतरवाए गए और उसकी न्यूड वीडियो बना ली गई।
पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी अपने कब्जे में ले लिया और उससे दो हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। यह पूरी वारदात दिनदहाड़े दोपहर करीब दो बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए और पीड़ित किसी तरह कपड़े पहनकर घर पहुंचा।
पीड़ित का कहना है कि इसके बाद से आरोपी लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपए की मांग कर रहे हैं। उसने बताया कि वह आरोपियों को पहले से नहीं जानता। पुलिस सोशल मीडिया और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।