
आग लगने से गाड़ी पूरी तरह जल चुकी है (फोटो - पत्रिका)
अलवर जिले में राजगढ़-माचाड़ी सड़क मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल 'झरना' के पास एक चलती चौपहिया गाड़ी में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में चालक झुलस गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को राजगढ़-माचाड़ी सड़क मार्ग पर जलती कार को देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कार आग के गोले में बदल गई। हादसा पर्यटन स्थल झरना के समीप हुआ। रैणी क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी सत्यनारायण मीना अपनी चौपहिया गाड़ी लेकर राजगढ़ की ओर आ रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
चालक सत्यनारायण मीना ने बताया कि वह अपने गांव बहादुरपुर से राजगढ़ जा रहे थे। रास्ते में अचानक गाड़ी के डेशबोर्ड से धुआं निकलने लगा। जब तक वह कुछ समझ पाते, चंद सेकंडों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। जान बचाने के लिए सत्यनारायण ने जलती आग की लपटों के बीच ही खिड़की खोलकर बाहर छलांग लगा दी।
गाड़ी से कूदने के प्रयास में सत्यनारायण मीना आग की लपटों की चपेट में आने से झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने जलती गाडी को देखकर अपने वाहनों को धीना किया और इस हादसे को देखने के लिए लोगो की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार चालक सत्यनारायण मीना का राजगढ़ राजकीय चिकित्सालय उपचार जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद राजगढ़ से अग्निशमन वाहन (दमकल) तुरंत मौके पर पहुंचा। दमकलकर्मीयों ने मशक्कत के बाद गाड़ी में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक देर हो चुकी थी और गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। सड़क पर हुए इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
गर्मी के मौसम में शॉर्ट सर्किट या डेशबोर्ड में खराबी के कारण वाहनों में आग लगने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा से पहले गाड़ी की वायरिंग और कूलिंग सिस्टम की जांच अवश्य कराएं।
Published on:
14 Apr 2026 01:09 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
