अलवर

Alwar News : एक महिला ने बस, तो दूसरी ने अस्पताल गेट पर जन्मा बच्चा… चारों स्वस्थ

Alwar News : दो महिलाओं की डिलीवरी शुक्रवार को हुई।
2 min read
Sep 07, 2024
Feature image

Alwar Update : दो महिलाओं की डिलीवरी शुक्रवार को हुई। एक ने लोक परिवहन बस में बच्चे को जन्म दिया। वहीं दूसरी महिला ने महिला अस्पताल के गेट पर। दोनों ही प्रसूताओं व नवजातों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी स्वस्थ हैं।

डीग जिले के नगर कस्बा निवासी संगीता अपने पति के साथ भिवाड़ी में रहती हैं। यहां दोनों पति-पत्नी एक कंपनी में काम करते हैं। संगीता का प्रसव होना था। ऐसे में वह टपूकड़ा अस्पताल में चिकित्सक को दिखाने के लिए गई थी, लेकिन कुछ देर बाद वहां से प्रसव के लिए लोक परिवहन बस में सवार होकर अलवर आ रही थी। अलवर-भिवाड़ी मेगा हाईवे पर छठी मिल के पास गुरुवार शाम करीब 7 बजे एक महिला ने बस में शिशु को जन्म दिया। इस दौरान शहर से करीब 15 किलोमीटर पहले महिला को अचानक प्रसव पीड़ा होने पर बस सड़क किनारे खड़ी कर 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस के आने से पहले ही महिला का प्रसव हो गया। बाद में महिला को एंबुलेंस में शिफ्ट कर जनाना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्रसूता और नवजात दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं।

खून की कमी होने पर जनाना अस्पताल आ रही थी महिला

अलवर के जनाना अस्पताल परिसर में गुरुवार शाम करीब 6 बजे एक महिला ने एक बालिका को जन्म दिया। प्रसूता के देवर साबिर निवासी महाराजपुरा, तहसील मालाखेड़ा ने बताया कि उसकी भाभी शाहिना को प्रसव के लिए मालाखेड़ा सीएचसी लेकर गए थे, लेकिन रक्तस्राव ज्यादा होने और खून की कमी के कारण उसे जनाना अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जैसे ही अस्पताल गेट पर एंबुलेंस से उतारा गया तो महिला ने गेट के पास ही बालिका को जन्म दिया। इस दौरान अस्पताल स्टाफ ने तुरंत आकर जच्चा-बच्चा को संभाल लिया। बालिका और प्रसूता दोनों स्वस्थ हैं।

Updated on:
07 Sept 2024 12:33 pm
Published on:
07 Sept 2024 12:33 pm