
अलवर जिले में पंचायत आम चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन विजय प्रहार के तहत वैशाली नगर थाना पुलिस ने क्यूआरटी और डीएसटी टीम के साथ मिलकर नशे के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा और स्मैक बरामद की है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सन्नी उर्फ सन्दीप उर्फ भुल्लड (30) को गिरफ्तार किया। वह नई बस्ती मुल्तान नगर, थाना वैशाली नगर का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से 126 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
वहीं, पुलिस ने गौरव सैनी (27), निवासी मन्नाका रोड बेवड़ी वाला कुआं, पटेल नगर, थाना एनईबी और जाहिद (30), निवासी बेलाका, थाना वैशाली नगर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गौरव सैनी और जाहिद के कब्जे से कुल 5 ग्राम स्मैक बरामद की गई। पुलिस ने नशीले पदार्थ जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। इनमें मुकदमा संख्या 316/2026 में धारा 8/20 और मुकदमा संख्या 317/2026 में धारा 8/21 व 8/25 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर नशीले पदार्थों की खरीद और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गांजा और स्मैक कहां से लाई गई थी और इन्हें आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कारोबार में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं। इस कार्रवाई में वैशाली नगर थाना पुलिस के साथ क्यूआरटी के जितेंद्र कुमार, मनीष और उमाशंकर तथा डीएसटी के हरविलास सहित टीम की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, पंचायत चुनाव के दौरान अवैध शराब और नशीले पदार्थों की गतिविधियों पर रोक लगाने के
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी और वृत्ताधिकारी उत्तर शहर राजेश कसाणा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। वैशाली नगर थानाधिकारी महेश तिवाड़ी के नेतृत्व में विशेष टीम ने मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर थाना क्षेत्र में दबिश दी।