
अलवर शहर में बुधवार को भी सुबह से ही जहरीले स्मॉग की घनी चादर छाई रही। हवा की धीमी रफ्तार और बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण शहरवासियों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिगड़ती आबोहवा से लोगों की आंखों में जलन और गले में खराश की शिकायतें बढ़ गई हैं। बुधवार को अलवर में सुबह 9:20 बजे एक्यूआई 330 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है।
इस स्तर पर हवा में मौजूद प्रदूषक कण लोगों की सेहत को प्रभावित कर सकते हैं। हवा में पीएम 2.5 (PM2.5) का स्तर 159 और पीएम 10 (PM10) का स्तर 201 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर दर्ज किया गया। ये बेहद छोटे कण सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकते हैं। खासकर अस्थमा, सांस और हृदय संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
दीपावली के बाद से ही अलवर में वायु प्रदूषण का असर देखने को मिल रहा है। इससे पहले 10 नवंबर को अलवर का एक्यूआई 265 दर्ज किया गया था। प्रदूषण बढ़ने पर नगर निगम की ओर से सड़कों पर एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव भी शुरू किया गया था।
इसके बावजूद बुधवार को भी शहर में स्मॉग दिखाई दिया। सुबह और दिन के समय आसमान में धुंध छाई रहने से लोगों को साफ वातावरण नहीं मिल पा रहा है। हवा में मौजूद धूल और प्रदूषण के कणों के कारण वातावरण प्रभावित हो रहा है।
प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों पर पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सुबह-शाम खुले में ज्यादा देर तक टहलने और व्यायाम करने से बचें। बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला एन95 मास्क इस्तेमाल करना फायदेमंद हो सकता है। विशेषज्ञों की सामान्य सलाह के मुताबिक, घरों की खिड़कियां बंद रखें और बाहर की हवा ज्यादा प्रदूषित होने पर घर के अंदर ही रहें। आंखों में जलन, खांसी या सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
शहर में प्रदूषण कम करने के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और खुले में कचरा जलाने पर रोक जैसे कदम जरूरी हैं। साथ ही वाहनों से निकलने वाले धुएं पर भी नियंत्रण करना होगा। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में मौसम और हवा की स्थिति बदलने के साथ अलवर के लोगों को प्रदूषण से कितनी राहत मिलती है।