अलवर

Alwar: पुलिस की दबिश पर मंदिर की छत से लगाई छलांग, दो आरोपी गंभीर रूप से घायल

राजस्थान के अलवर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान रविवार को एक सनसनीखेज वाकया सामने आया है।
2 min read
May 03, 2026
Feature image

राजस्थान के अलवर जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान रविवार को एक सनसनीखेज वाकया सामने आया है। टहला थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव में पुलिस की दबिश के दौरान खुद को घिरा देख दो शातिर साइबर ठगों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए मंदिर की छत से पीछे की ओर छलांग लगा दी। इस ऊंची कूद के कारण दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलवर रेफर किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर दी गई थी दबिश

पूरा मामला वैशाली नगर (अलवर) थाना क्षेत्र में दर्ज एक पुराने और लंबित मामले से जुड़ा है। वैशाली नगर थाने के हेड कॉन्स्टेबल इरशाद मोहम्मद ने बताया कि उन्हें मुखबिर के जरिए पुख्ता जानकारी मिली थी कि थाने के एक प्रकरण में वांछित चल रहे दो मुख्य आरोपी वीरपुर गांव में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने रविवार को गांव में घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस की टीम आरोपियों के ठिकाने पर पहुंची, वहां हड़कंप मच गया।

मंदिर की छत से लगाई छलांग

पुलिस टीम को अपने करीब आता देख दोनों वांछित आरोपियों ने भागने की कोशिश की और जब उन्हें लगा कि पुलिस ने चारों तरफ से घेरा डाल लिया है, तो पकड़े जाने के डर से दोनों आरोपियों ने मंदिर की छत से पीछे की तरफ छलांग लगा दी। अचानक ऊंचाई से गिरने के कारण दोनों आरोपियों के शरीर में गंभीर चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। पुलिस ने तत्काल दोनों को हिरासत में लिया और इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया।

आरोपियों की पहचान और इलाज

घायल आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय जेहुल पुत्र हनीफ (निवासी नंगला वंजीर, जुम्मा का बास, बगड़ तिराया) और 33 वर्षीय हरि सिंह पुत्र हनुमान सहाय (निवासी वीरपुर बिघोता, थाना टहला) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को राजगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया। वहां मौजूद चिकित्सक ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और बेहतर इलाज के लिए अलवर के जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना प्रभारी राजेश मीणा भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस की निगरानी में दोनों का उपचार जारी है। स्वस्थ होने के बाद पुलिस इन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करेगी, जहाँ से इनके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी। इस घटना के बाद वीरपुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर काफी चर्चा है।

Updated on:
03 May 2026 04:16 pm
Published on:
03 May 2026 04:16 pm