अलवर

स्कूली छात्र-छात्रा ने ट्रेन से कटकर दी जान, इंस्टाग्राम पर लिखा- ‘वादा दोस्ती का था, जिंदगी का नहीं’

राजस्थान के अलवर जिले के राजगढ़ में शुक्रवार सुबह एक हृदय विदारक घटना सामने आई। राजगढ़-बांदीकुई रेल मार्ग पर स्थित सुरेर स्टेशन के पास एक नाबालिग प्रेमी जोड़े ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि युवक ने मौत से कुछ देर पहले इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टेटस भी लगाया था। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

2 min read
Apr 10, 2026

अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह उस वक्त कोहराम मच गया जब सुरेर रेलवे स्टेशन के पास एक नाबालिग युवक और युवती के क्षत-विक्षत शव रेल की पटरियों पर मिले। दोनों एक ही स्कूल के छात्र थे और आपसी प्रेम-प्रसंग के चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया। सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस, रेलवे पुलिस (RPF) और जीआरपी (GRP) की टीमें मौके पर पहुंचीं।

इंस्टाग्राम स्टेटस

इस दुखद घटना में सबसे मार्मिक पहलू नाबालिग युवक का आखिरी सोशल मीडिया स्टेटस रहा। युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टेटस अपडेट किया था, जिसमें लिखा था ‘अचानक मर भी गया तो दुःखी मत होना मेरे…. दोस्त वादा दोस्ती का किया था जिंदगी का नही…’ यह स्टेटस उनकी मानसिक स्थिति और उठाए गए खौफनाक कदम की ओर इशारा करता है। मृतक युवक ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा पास की थी, जबकि युवती इस वर्ष 12वीं कक्षा में प्रवेश कर चुकी थी।


जीआरपी के डीएसपी नरेंद्र ने बताया कि सुरेर स्टेशन मास्टर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पालिकाकर्मी जुगनू तंबोली की टीम की मदद से शवों को कब्जे में लिया। जांच के दौरान युवक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा शुक्रवार सुबह बिना बताए घर से निकला था और गांव की ही लड़की के साथ रेलवे स्टेशन चला गया।

वहीं, युवती के पिता ने रिपोर्ट में बताया कि उनकी बेटी गुरुवार रात 11 बजे तक घर में सबके साथ सो रही थी। सुबह 5 बजे जब आंख खुली, तो वह चारपाई पर नहीं थी। काफी तलाश के बाद उन्हें इस अनहोनी की सूचना मिली। जानकारी के अनुसार नाबालिगों ने प्रेम-प्रसंग के चलते यह कदम उठाया है। रिपोर्ट में परिजनों के अनुसार उन्हें किसी पर कोई संदेह नहीं है।

साक्ष्य जुटाने पहुंची FSL टीम

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम भी राजगढ़ चिकित्सालय पहुंची। टीम ने शवों और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। राजगढ़ सीएचसी (CHC) की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। जीआरपी ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।

Updated on:
10 Apr 2026 01:53 pm
Published on:
10 Apr 2026 01:52 pm
Also Read
View All