अलवर

अलवर में भीषण सड़क हादसा: काम से घर लौट रहे जीजा-साले की दर्दनाक मौत

अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। लोहिया का तिबारा के पास हुए इस हादसे में जीजा और साले दोनों की मौत हो गई। दोनों युवक नेटवर्क मार्केटिंग का काम निपटाकर घर लौट रहे थे।

2 min read
May 12, 2026
मृतक सुनील (बाएं) व मुकेश जांगिड़

अलवर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला उद्योग नगर थाना क्षेत्र का है, जहां सोमवार रात करीब 10:15 बजे एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए। लोहिया का तिबारा के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उस पर सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

ये भी पढ़ें

बानसूर में खौफनाक मंजर: बुटेरी गांव में फायरिंग से दहश़त, एक युवक के कंधे में लगी गोली

हादसे ने छीनी घर की खुशियां

जानकारी के अनुसार, मृतक मुकेश जांगिड़ और उसका साला सुनील जांगिड़ रिश्ते में जीजा-साले थे। दोनों युवक नेटवर्क मार्केटिंग के काम से जुड़े हुए थे और सोमवार को काम के सिलसिले में बहाला टोल टैक्स की तरफ गए थे। देर रात जब वे अपना काम खत्म करके बाइक से वापस अपने घर रूपवास लौट रहे थे, तभी काल बने ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आंखों के सामने मंजर देख सहम गया साथी

इस पूरी घटना के दौरान उनके साथ एक अन्य साथी दुलीचंद भी दूसरी बाइक पर पीछे चल रहा था। दुलीचंद ने बताया कि वे तीनों टोल टैक्स क्षेत्र में कुछ लोगों से मीटिंग करके वापस आ रहे थे। मुकेश और सुनील अपनी साइड में चल रहे थे। तभी पीछे से आए ट्रक ने लापरवाही से बाइक को पीछे से ठोक दिया। दुलीचंद ने बताया कि जब तक कोई कुछ समझ पाता या ट्रक को रोकने की कोशिश करता, तब तक चालक ट्रक लेकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। अस्पताल में मुकेश और सुनील की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि आरोपी ट्रक की पहचान की जा सके। इस हादसे के बाद रूपवास इलाके में शोक की लहर है।

Published on:
12 May 2026 12:20 pm
Also Read
View All