Alwar Tiger Marathon फिट इंडिया मूवमेंट, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव का सशक्त संदेश लेकर ‘अलवर टाइगर मैराथन-2026 का रविवार को आयोजन हुआ।
Alwar Tiger Marathon फिट इंडिया मूवमेंट, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सद्भाव का सशक्त संदेश लेकर ‘अलवर टाइगर मैराथन-2026 का रविवार को आयोजन हुआ। सुबह प्रताप ऑडिटोरियम के सामने से मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, ब्रांड एंबेसडर अभिनेता रणदीप हुड्डा आदि ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की श्रेणियों में आयोजित इस मैराथन में देश-विदेश के धावकों ने हिस्सा लेकर अलवर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर खास पहचान दिलाई।
इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में पांच देशों से आए 30 अंतरराष्ट्रीय धावकों की भागीदारी रही, वहीं देशभर से 18 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, पैरा एथलीट्स और सुरक्षाबलों की मौजूदगी ने इस मैराथन को सर्वसमावेशी उत्सव का रूप दे दिया।
मैराथन के दौरान आसमान से हेलीकॉप्टर द्वारा धावकों पर फूलों की वर्षा की गई, जिससे धावकों में अतिरिक्त जोश और ऊर्जा देखने को मिली। यह दृश्य दर्शकों के लिए भी खास आकर्षण रहा। आयोजन स्थल पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, राज्य मंत्री संजय शर्मा और मैराथन के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता रणदीप हुड्डा विशेष रूप से मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि यह मैराथन भाईचारे और सामाजिक एकता की दौड़ है। इसमें किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है-न जाति का, न धर्म का। सभी लोग इसे एक उत्सव की तरह मना रहे हैं, जो भारत की एकता और विविधता की खूबसूरत तस्वीर पेश करता है।
उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि टाइगर और पर्यावरण संरक्षण को फिट इंडिया मूवमेंट के साथ जोड़ना एक अनोखी और सराहनीय पहल है। इतनी बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और पैरा एथलीट्स का जुड़ना बताता है कि समाज स्वास्थ्य और प्रकृति संरक्षण को लेकर जागरूक हो रहा है। उन्होंने आयोजन से जुड़ी पूरी टीम को बधाई दी।
मैराथन में 21 किलोमीटर की दौड़ में भारतीय सेना के जवान पूरे अनुशासन और दमखम के साथ दौड़ते नजर आए। पैरा कैटेगरी के धावकों ने भी आत्मविश्वास और जज्बे के साथ दौड़ पूरी कर प्रेरणादायी संदेश दीया। एलिट वर्ग की महिलाओं की दौड़ भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
अभिनेता रणदीप हुड्डा ने आयोजन में अलग ही रंग भर दीया। वे न सिर्फ धावकों के साथ दौड़ते दिखे, बल्कि फैंस के मोबाइल से सेल्फी लेते और दौड़ते हुए धावकों से हाथ मिलाकर उनका उत्साह बढ़ाते नजर आए। वहीं राज्य मंत्री संजय शर्मा मैराथन के दौरान लोगों के साथ थिरकते हुए दिखे, जिससे माहौल और जीवंत हो गया।
देश के विभिन्न राज्यों, खासतौर पर उत्तर प्रदेश सहित कई प्रदेशों से आए धावकों ने अलवर की सड़कों पर दौड़ लगाकर आयोजन को राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने धावकों के साथ फोटो खिंचवाकर उनका हौसला बढ़ाया।
कुल मिलाकर अलवर टाइगर मैराथन-2026 केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता और अंतरराष्ट्रीय भाईचारे का प्रतीक बनकर उभरा, जिसने अलवर को नई पहचान दी।