जिले में सोमवार को मौसम के मिजाज सुबह से ही बिगड़ गए। सुबह हल्की बूंदाबादी तो शाम को तूफान के साथ बरसात आई।
अलवर। जिले में सोमवार को मौसम के मिजाज सुबह से ही बिगड़ गए। सुबह हल्की बूंदाबादी तो शाम को तूफान के साथ बरसात आई। यह बरसात पूरे जिले में हुई जिसमें कई जगह तो छोटे ओले भी गिरे। इस ओलावृष्टि से मौसम ने पलटा खाया जिससे तापमान में कमी आई। इससे शाम को तापमान गिरकर 22 डिग्री पर आ गया जो अन्य दिनों इस समय 25 डिग्री के आसपास चल रहा था।
सोमवार को सुबह साढ़े चार बजे तेज हवा चल रही थी। सुबह पांच बजे अलवर शहर में बूंदाबादंी हुई। यह बूंदाबांदी शहर में आठ बजे तक करीब चार बार हुई। इसी प्रकार दिन के समय धूप में तेजी हो गई। दोपहर बाद शाम को 4 बजे काले बादल छा गए और आकाशीय बिजली गिरने लगी। इससे मौसम ने एकदम करवट बदली। इस समय तूफान आया और बरसात हुई।
कई पेड़ गिरे , टीन शेड गिरी-
अलवर शहर में बरसात और तूफान से कई पेड़ गिर गए। इससे कोई दुर्घटना नहीं हुई। शिशु अस्पताल के समीप बने पीडब्ल्यूडी क्वार्टर में रहने वाली जिला खेल अधिकारी अंजना शर्मा की कार पर तूफान के चलते पेड़ गिर गया जिससे कार को काफी नुकसान हुआ। यह पेड़ पिछले काफी समय से गिराऊ स्थिति में था। खेल अधिकारी अपनी बच्ची के साथ स्टेडियम जाने के लिए निकल रही थी । मौसम बिगड़ा तो कार से बाहर आ गई इसके तुरंत बाद पेड़ गिर गया। एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इसी प्रकार 60 फीट रोड के समीप छत की दीवार गिरने से कमरे की छत टीन शेड गिर गया। इससे कोई जन हानि नहीं हुई। यहां मौके देखने तहसीलदार पहुंचे।
किसानों की चिंता बढ़ी-
इस समय सरसों की कटाई चल रही है जबकि गेहूं तो पूरी तरह पककर तैयार है। ऐसे समय में बरसात आती है या ओले गिरते हैं तो इससे किसानों को नुकसान हो सकता है। इस बारे में कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि इस बरसात से तो कोई नुकसान नहीं हुआ। यदि बरसात अधिक होती तो नुकसान होता।