अलवर

अमित शाह के अलवर दौरे से पहले कांग्रेस नेताओं की हिरासत, हनुमान चौराहे पर प्रदर्शन

Amit Shah's Alwar visit: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की रविवार को अलवर में जनसभा से पहले शहर में सियासी हलचल तेज हो गई। विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे कांग्रेस और NSUI नेताओं-कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया और कई नेताओं को हाउस अरेस्ट किया। हनुमान चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
2 min read
Aug 16, 2026
Amit Shah's Alwar visit
हनुमान चौराहे पर कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन व भारी पुलिस बल तैनात (फोटो - पत्रिका)

Amit Shah's Alwar visit: अलवर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की रविवार को होने वाली जनसभा से पहले कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। कांग्रेस और NSUI के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। वहीं कुछ कांग्रेस नेताओं को उनके घरों पर ही नजरबंद किया गया। हनुमान चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जिला कांग्रेस कमेटी अलवर के पूर्व जिलाध्यक्ष योगेश मिश्रा, रिपु दमन गुप्ता, जे.डी. आर्यन, फूलचंद शर्मा और राजेश कृष्ण सिद्ध सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट किया। इससे पहले NSUI प्रदेश महासचिव विनोद जाटव, युवा नेता विशाल भाटी, प्रदेश सचिव अंकित गुर्जर और जिला उपाध्यक्ष अजय चौधरी सहित कई कार्यकर्ताओं को आरआर सर्किल से हिरासत में लिया गया था।


अमित शाह के दौरे के विरोध में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता नरेंद्र मीणा और मुकेश सारवान को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, दोनों को पुलिस अपने साथ अज्ञात स्थान पर ले गई। नेताओं का कहना है कि वे छात्रों, युवाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रहे थे।

हनुमान चौराहे पर प्रदर्शन, भारी पुलिस बल

कांग्रेस की ओर से हनुमान चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया गया। यहां बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। वहीं जनसभा में शामिल होने के लिए लोगों के आने के कारण अग्रसेन पुलिया पर बसों का लंबा जाम लग गया। शहर के कई हिस्सों में वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

टीकाराम जूली ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने अमित शाह के अलवर दौरे को लेकर भाजपा सरकार पर कई सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अलवर की जनता से भी अमित शाह को हालात के बारे में पूछना चाहिए। जूली ने दिल्ली से मेट्रो प्रोजेक्ट, कोटकासिम एयरपोर्ट और सैनिक स्कूल शुरू नहीं होने का मुद्दा उठाया।

उन्होंने अलवर डेयरी के नए प्लांट को लेकर भी सवाल किए। जूली ने कहा कि डेयरी किसानों द्वारा संचालित है और इसके लिए लिया जा रहा लोन आखिर कैसे चुकाया जाएगा, इसका भार दुग्ध उत्पादकों पर पड़ेगा।

जूली ने अरावली की परिभाषा बदलने और सरिस्का के CTH में बदलाव को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रोकना और नजरबंद करना लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने जैसा है।


विकास कार्यों की सौगात देने पहुंच रहे अमित शाह

अमित शाह और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विजय नगर मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेशभर के 6,279 करोड़ रुपए के 933 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण प्रस्तावित है। इनमें अलवर जिले के 783 करोड़ रुपए के 151 विकास कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में 10,548 नवनियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र भी दिए जाएंगे।

Updated on:
16 Aug 2026 03:04 pm
Published on:
16 Aug 2026 03:04 pm