अलवर

5 हजार रुपये उधार मांगना युवक को पड़ा भारी, लाठी-डंडों और फरसे से हमला 

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में ईद के त्यौहार की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब महज 5 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया।

2 min read
Mar 22, 2026
अलवर सामान्य अस्पताल (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में ईद के त्यौहार की खुशियां उस वक्त मातम और दहशत में बदल गईं, जब महज 5 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। उधार दिए गए पैसे वापस मांगना एक 21 वर्षीय युवक के लिए इतना भारी पड़ा कि आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और मरा हुआ समझकर सुनसान खेत में फेंक कर फरार हो गए। फिलहाल घायल युवक जयपुर के एसएमएस अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

क्या है पूरा मामला

घटना 21 मार्च की की है। भिवाड़ी के बनवन गांव निवासी आमिर (21) पुत्र इलियास, जो चौपानकी स्थित धवन बॉक्स कंपनी में काम करता है, उसने गांव के ही रज्जाक के बेटे शाहरुख को कुछ समय पहले 5 हजार रुपये उधार दिए थे। ईद का त्यौहार होने के कारण आमिर शनिवार शाम अपनी बाइक पर सवार होकर शाहरुख के घर अपने पैसे मांगने पहुंचा था।

आमिर के पिता इलियास ने आरोप लगाया है कि जैसे ही उनका बेटा शाहरुख के घर पहुंचा और अपने पैसे मांगे, वहां मौजूद शाहरुख और उसके परिजनों ने आपा खो दिया। आरोप है कि शाहरुख के साथ उसके चाचा के लड़के सद्दाम, ईसब, भैरु, नाजिम और रज्जाक ने मिलकर आमिर को घेर लिया। हमलावरों के पास सरिया, फरसा और लाठियां थीं। उन्होंने निहत्थे आमिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आमिर के सिर पर फरसे और सरिए से कई वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं बेहोश हो गया।

जब आमिर अचेत हो गया, तो हमलावरों को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी उसे उठाकर यूआईटी थाना क्षेत्र के कहरानी इलाके में एक सुनसान खेत में फेंक आए और मौके से फरार हो गए। कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर लहूलुहान हालत में पड़े आमिर पर पड़ी। होश आने पर उसने किसी तरह परिजनों का संपर्क नंबर दिया, जिसके बाद परिवार मौके पर पहुंचा।

जयपुर रेफर

परिजन आनन-फानन में आमिर को लेकर अलवर जिला अस्पताल पहुंचे। वहां उसकी गंभीर स्थिति और सिर की गहरी चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। आमिर की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है।

Published on:
22 Mar 2026 02:01 pm
Also Read
View All

अगली खबर