अलावड़ा कस्बे में चोरों ने मालपुर रोड स्थित को-ऑपरेटिव गोदाम के समीप एक थोक परचून दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली।
अलावड़ा कस्बे में चोरों ने मालपुर रोड स्थित को-ऑपरेटिव गोदाम के समीप एक थोक परचून दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये का सामान और नकदी चोरी कर ली। घटना गौ रक्षक पुलिस चौकी क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि रात्रि में पास ही चल रहे डीजे की तेज आवाज का फायदा उठाकर चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया। सुबह घटना का खुलासा होने पर व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
दुकान मालिक रामकिशन सैनी ने बताया कि वे रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह दुकान पर पहुंचे तो शटर के दोनों ओर लगे ताले टूटे मिले। सेंट्रल लॉक को दुकान का फर्श तोड़कर उखाड़ दिया गया था, जबकि शटर की साइड प्लेट को लोहे की रॉड से मोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। अंदर रखा मोबाइल, गल्ले में रखी रोजाना की नकदी और लगभग 35 हजार रुपये नकद सहित सामान चोरी कर लिया गया।
सूचना मिलते ही अलावड़ा पुलिस चौकी से हेड कांस्टेबल मूलाराम पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित ने रामगढ़ थाने में मामला दर्ज कराया है। व्यापारियों ने शीघ्र खुलासे की मांग करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही है।