
उमसभरी गर्मी से जूझ रहे अलवरवासियों के बुधवार की सुबह सुहाना मौसम लेकर आई। रिमझिम बारिश से शुरू हुआ बारिश का दौर सुबह 10 बजे तेज झमाझम में बदल गया। तेज बारिश से हर कोई खुश नजर आया। गर्मी काफूर हो गई और मौसम सुहाना हो गया। मौसम विभाग ने आने वाले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।
अलवर शहर में मंगलवार दोपहर बाद से रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हो गया था, लेकिन गति कम होने की वजह से उमस बरकरार रही। इसके बाद बुधवार सुबह हल्की बौछारें पड़ी और धीरे-धीरे बारिश की गति बढ़ती गई। सुबह 10 बजे के बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब एक घंटे तक तेज बारिश ने शहर को तर कर दिया। इसके बाद भी बारिश का दौर जारी है।
बारिश के साथ ही युवा मोटरसाइकिल पर सड़कों पर निकले और बारिश में भीगने का आनंद लिया। कई लोगों ने घरों की छतों पर बारिश में भीगकर गर्मी को छूमंतर किया। शहर की चाट पकौड़ी की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। कार्यालय समय में बारिश आने की वजह से लोगों को दफ्तर पहुंचने में देरी हो गई।
बारिश ने नगर निगम और यूआइटी के बारिश के इंतजामों की पोल खोल दी। सड़कों पर पानी भर गया। नाला सफाई सही तरीके से नहीं होने के कारण कचरा सड़कों पर बह निकला। शहर में सीवर लाइन डालने के लिए सड़कों को खोदा गया था, लेकिन उन्हें सुधारा नहीं गया जिसकी वजह से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हर बार की तरह गायत्री मंदिर रोड, बस स्टैंड रोड, अग्रसेन सर्किल सहित शहर के कई इलाकों में सड़कें डूबी नजर आईं।
अलवर में मानसून का प्रवेश 2 जुलाई को हो गया था, लेकिन तेज बारिश का लोगों को इंतजार था। पिछले दस दिनों से उमसभरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया था। हालत यह थी कि पंखे, कूलर और एसी भी लोगों को गर्मी से निजात नहीं दिला पाए। अब बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई है, जिसके बाद लोग सुकून में नजर आए।