अलवर

यहां थानेदार बदल जाते हैं, भ्रष्ट पुलिसकर्मी टस से मस नहीं हो रहे

शहर के एनईबी थाने में बरसों से जमे हैं कई भ्रष्ट पुलिसकर्मी
less than 1 minute read
Feb 04, 2022
यहां थानेदार बदल जाते हैं, भ्रष्ट पुलिसकर्मी टस से मस नहीं हो रहे
यहां थानेदार बदल जाते हैं, भ्रष्ट पुलिसकर्मी टस से मस नहीं हो रहे

अलवर. शहर के एनईबी पुलिस थाने में भ्रष्टाचार का बड़ा खेल चल रहा है। यहां कई भ्रष्ट पुलिसकर्मी बरसों से अंगद की तरह पैर जमाए हुए हैं। थानेदारों की भ्रष्टाचार की शिकायतें कर उन्हें ट्रांसफर या लाइन हाजिर करा देते हैं, लेकिन ये भ्रष्ट पुलिसकर्मी थाने से टस से मस नहीं हो रहे हैं। पुलिस अधिकारी भी इन पर कार्रवाई करने से बच रहे हैं। एनईबी पुलिस थाने में बरसों से जमे कई पुलिसकर्मी एक गिरोह की तरह से काम कर रहे हैं। ये भ्रष्ट पुलिसकर्मी अपना मूल काम छोड़ अवैध कब्जा माफियाओं के साथ मिलीभगत कर भ्रष्टाचार की मलाई चाटने में लगे हैं। ये पुलिसकर्मी एनईबी इलाके में प्लॉट, मकान और दुकानों पर अवैध कब्जा कराने में लगे हुए हैं। पिछले कुछ समय में ये पुलिसकर्मी इलाके में कई अवैध कब्जे करा चुके हैं। जिनकी शिकायतें उच्चाधिकारियों तक भी पहुंच चुकी है, लेकिन फिर भी अधिकारियों की ओर से इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
हर भ्रष्टाचार में पूरी दखल
थाने में होने वाले हर भ्रष्टाचार में इन पुलिसकर्मियों की पूरी दखल रहती है। इनके मार्फत ही मामलों में सेटिंग कर रिश्वत ली जाती है। यदि कोई अधिकारी व पुलिसकर्मी इन्हें बिना बताए कोई रिश्वत ले लेता है और उन्हें रिश्वत राशि का हिस्सा नहीं देता है या फिर थानाधिकारी इनसे सेटिंग कर नहीं चलता है तो उनकी उच्चाधिकारियों को शिकायत करा देते हैं। उल्लेखनीय है कि अनुसंधान अधिकारी बनाए जाने के बाद भी एक कांस्टेबल एनईबी में थाने की स्पेशल टीम में लगा हुआ है।


कई थानाधिकारियों पर करा चुके हैं कार्रवाइ
एनईबी थाने के ये पुलिसकर्मी थानाधिकारियों पर अपना पूरा वर्चस्व जमाकर रखते हैं। किन्हीं मामलों में सेटिंग बिगडऩे या फिर भ्रष्टाचार की राशि का हिस्सा नहीं मिलने पर ये पुलिसकर्मी एनईबी थाने से तीन थानाधिकारियों को लाइन हाजिर और ट्रांसफर भी करा चुके हैं।

Updated on:
04 Feb 2022 01:44 am
Published on:
04 Feb 2022 01:44 am