अलवर

उमंग के साथ किया नव संवत्सर का स्वागत, अलवर शहर में आयोजित हुए कई कार्यक्रम

नव संवत्सर के मौके पर अलवर में कई कार्यक्रम हुए। अलवर में इस दौरान भगवा रैली, दीप यज्ञ, हवन यज्ञ आदि आयोजित किए गए।
2 min read
• •
Updated: 19 Mar 2018, 11:02 AM IST
HINDU NEW YEAR CELEBRATED IN ALWAR

अलवर. चैत्र मास प्रतिपदा को शुुरू होने वाले विक्रम संवत 2075 का स्वागत शहरवासियों ने उत्साह व उमंग के साथ किया। नव संवत्सर के चलते सुबह से ही शहर में रौनक बनी हुई थी। सुबह होने के साथ ही लोगों ने एक दूसरे को संवत्सर की बधाई देनी शुरू कर दी। मोबाइल व व्हाटसअप पर भी शुभकामनाओं के संदेश आने लगे।

आदर्श शिक्षा समिति की ओर से नव संवत्सर के उपलक्ष्य में आदर्श विद्या मंदिर स्कीम नंबर चार से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा को यूआईटी चेयरमैन देवी सिंह शेखावत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक डॉ. केके गुप्ता, श्रीकिशन गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय राजेंद्र नगर के प्रधानाचार्य सुजीत कुमार झा ने बताया कि झांकियों में श्रीराम दरबार प्रथम, नारी के बढ़ते कदम द्वितीय, पर्यावरण की झांकी तृतीय स्थान पर रही। सर्वश्रेष्ठ झांकी के लिए आदर्श विद्या मंदिर रामगली को चल वैजयंती पुरस्कार प्रदान किया गया। व्यापार प्रकोष्ठ भाजपा की ओर से रोड नंबर दो पर झांकियों का स्वागत किया गया।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से शहर के चारों मंडलों की ओर से बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को तिलक लगाकर व मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप जलाकर नूतनवर्ष मनाया गया। हिंदू जागरण मंच की ओर से अग्रसेन सर्किल पर एनईबी स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र के लोगों को तिलक लगाकर शुभकामना दी गई।

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना व श्री प्रताप राजपूत सेवा समिति की ओर से हिंदू नवसंवत पर पहली बार विक्रमादित्य की जयंती मनाई गई। रूक्टा की स्थानीय इकाइयों की ओर से शहर के नंगली चौराहों को सजाया गया। भाजपा किसान मोर्चा के जिलाउपाध्यक्ष जितेंद्र राठौड़ की ओर से परशुराम चौराहा पर राहगीरों का स्वागत किया गया। आर्य समाज बजाजा बाजार की ओर से प्रात: 7.30 बजे यज्ञ किया गया। स्वामी दयानंद मार्ग स्थित आर्यसमाज में भी प्रात: 8 बजे यज्ञ किया गया। इसके बाद बाल रोग नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। भारतीय किसान संघ की ओर से जिला प्रमुख पुष्कर वर्मा के नेतृत्व में कृषि उपज मंडी में किसानों, व्यापारियों को शुभकामनाएं दी गई। अखिल भारतीय साहित्य परिषद की ओर से जिलाध्यक्ष पीके शर्मा के नेतृत्व में काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया।

Published on: