अलवर

अलवर में अवैध खनन से भरे ट्रैक्टर से महिला तहसीलदार को कुचलने का किया प्रयास, बाल-बाल बची

अलवर में अवैध खनन से भरे ट्रैक्टर के चालक ने महिला तहसीलदार को कुचलने का प्रयास किया।
2 min read
• •
Updated: 3 May 2018, 11:05 AM IST
Illegal mining tractor driver tired to crush women

अलवर. धौलपुर मेें अवैध खननकर्ताओं की टक्कर से घायल डीएसपी रामचन्द्र चौधरी के घाव अभी भरे भी नहीं कि अलवर में फिर ऐसी ही घटना होते-होते बच गई। अवैध खनन की बजरी से भरे एक ट्रैक्टर को रोकना मालाखेड़ा तहसीलदार मिथलेश मीणा को भारी पड़ गया। अवैध खननकर्ता ने तेजी से तहसीलदार पर ही ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया। गनीमत ये रही कि तहसीलदार मीणा ट्रैक्टर के नजदीक आते ही संभलकर पीछे हट गईं और हादसे से बाल-बाल बच गई। उन्होंने हिम्मत दिखा ट्रैक्टर का पीछा किया और पुलिस कंट्रोल रूम व मालाखेड़ा पुलिस को सूचना दी। बाद में चहुंओर से घिरता देख ट्रैक्टर चालक भूगोर बाइपास के पास ट्रैक्टर को छोड़ फरार हो गया। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर अरावली विहार थाने लाई। मामले में मंगलवार देर शाम खनिज विभाग के अभियंता ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार मालाखेड़ा तहसीलदार मिथलेश मीणा मंगलवार को पंचायत समिति उमरैण की साधारण सभा की बैठक में भाग लेकर वापस मालाखेड़ा लौट रही थी। रास्ते में उन्हें तेज गति से आता बजरी से भरा ट्रैक्टर दिखा। इस पर उन्होंने अपनी गाड़ी को साइड में खड़ा करा ट्रैक्टर को रोकने का इशारा दिया। इस पर चालक ने तेज गति से ट्रैक्टर को लहलहाते हुए तहसीलदार पर चढ़ाने का प्रयास किया। तहसीलदार ने पीछे हटकर जैसे-तैसे जान बचाई, जब तक ट्रैक्टर तेज गति से आगे निकल गया। इस पर तहसीलदार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देकर ट्रैक्टर का पीछा किया, लेकिन वाहनों की आवाजाही में ट्रेक्टर तेज गति से आगे निकल गया। बाद में चालक ट्रैक्टर को भूगोर पुलिया के पास छोडकऱ भाग छूटा।

जब्त ट्रैक्टर में मिली 50 किलो बजरी

उधर, अरावली विहार थाना पुलिस ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर में केवल 50 किलो बजरी भरी हुई थी। इससे आशंका जताई जा रही है कि तहसीलदार मालाखेड़ा के पीछा करने पर चालक ने ट्रैक्टर का डाला खोल दिया। इससे ट्रॉली में भरी बजरी रास्ते में फैल गई। पुलिस मामले की जांच कर आरोपित की तलाश कर रही है।

Published on: