अलवर

रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव में BJP की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं जय आहूजा

अब फिर से माहौल वैसा ही बन गया है। सिर्फ किरदार बदले हैं। सुखवंत सिंह पर पार्टी ने दाव खेल दिया और और जय आहूजा बागी बनने की ओर हैं।

2 min read
Oct 21, 2024

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद पार्टी में बगावती सुर सुनाई देने लगे हैं। यहां भाजपा ने सुखवंत सिंह को टिकट दिया है। जानकारी के अनुसार भाजपा प्रत्याशी सुखवंत सिंह 24 अक्टूबर को नामांकन दाखिल करेंगे

इसके विरोध में पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे जय आहूजा ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई और कहा है कि चाहे जय आहूजा चुनाव लड़ें या फिर सर्वसमाज का कोई अन्य व्यक्ति, जिसे भी चुनाव में खड़ा करेंगे, उसे पूरा समर्थन दिया जाएगा। मंगलवार को इस बात पर मुहर लगेगी।

जय आहूजा का दावा है कि क्षेत्र के सभी पांच मंडल अध्यक्षों व कार्यकारिणी ने जिलाध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफे भेज दिए हैं। उधर, जय आहूजा के चाचा एवं पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने कहा कि वे भाजपा के सिपाही हैं, उनका वोट सुखवंत सिंह की बजाय कमल के फूल पर पड़ेगा। इधर, सुखवंत उनसे मिलने भी गए थे, लेकिन कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।

बगावत की वजह

वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने जय आहूजा को मैदान में उतारा, तो सुखवंत सिंह व उनके समर्थक नाराज हो गए। विरोध किया, लेकिन वह नहीं माने। आखिर में आजाद समाज पार्टी से टिकट लाकर सुखवंत सिंह बागी बन गए। चुनाव में प्रदर्शन बेहतर रहा।

जय आहूजा को हराने में इन्हीं का हाथ था। इस चुनाव में सुखवंत ने दूसरे नंबर पर रहे थे और भाजपा प्रत्याशी जय आहूजा तीसरे नंबर पर चले गए थे। अब फिर से माहौल वैसा ही बन गया है। सिर्फ किरदार बदले हैं। सुखवंत सिंह पर पार्टी ने दाव खेल दिया और और जय आहूजा बागी बनने की ओर हैं।

बढ़ सकती हैं भाजपा की मुश्किलें

यदि जय आहूजा मैदान में उतरे और किसी अन्य पार्टी का टिकट लेकर आए, तो भाजपा के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। तीसरे मोर्चे के वोट ट्रांसफर हो सकते हैं।

पांच मंडल अध्यक्षों ने भेजे इस्तीफे

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष नौगावां रमेश ओड, मंडल अध्यक्ष रामगढ़ मंडल राजेंद्र प्रसाद, बड़ौदामेव मंडल अध्यक्ष बाल कृष्ण जैन, बगड़ तिराहा मंडल अध्यक्ष मुकेश चौधरी, मंडल अध्यक्ष गोविंदगढ़ ने पदाधिकारियों को इस्तीफे भेजे हैं। साथ ही उनकी कार्यकारिणी व शक्ति केंद्रों के भी इस्तीफे देने का पत्र में जिक्र किया है।

Published on:
21 Oct 2024 11:49 am
Also Read
View All

अगली खबर