
किशनगढ़बास में वाहन चोर गिरोह ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। वाहन चोरी की यह घटना खानपुर मेवान के यूके फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) पर घटित हुई। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पुलिस को चोरों का एक बड़ा सुराग हाथ लगा है। 10 जून की रात करीब 2 बजे एक संदेहास्पद काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी पेट्रोल पंप पर आकर रुकती है।
स्कॉर्पियो से उतरे अज्ञात बदमाशों ने पलक झपकते ही वहां खड़े भारी-भरकम ट्रेलर का लॉक तोड़ा और उसे लेकर रफूचक्कर हो गए। फुटेज में चोरों की पूरी गतिविधि साफ नजर आ रही है, जिसके आधार पर माना जा रहा है कि इस वारदात के पीछे किसी बड़े और संगठित अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का हाथ हो सकता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम दोगड़ा के रहने वाले पीड़ित गाड़ी चालक समसू खान ने 9 जून को अपना यह टाटा सिग्ना ट्रेलर पेट्रोल पंप पर सुरक्षित खड़ा किया था। उन्होंने सुरक्षा के लिहाज से गाड़ी को अच्छी तरह लॉक किया और उसकी चाबी वहां काम करने वाले सेल्समैन विजय को दे दी, ताकि जरूरत पड़ने पर गाड़ी को आगे-पीछे किया जा सके। इसके बाद समसू अपने घर चले गए। दो दिन बाद यानी 11 जून की सुबह जब वे वापस पंप पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। ट्रेलर अपनी जगह से गायब था।
हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद से पेट्रोल पंप का सेल्समैन विजय भी मौके पर मौजूद नहीं मिला। ट्रेलर के न मिलने पर पंप संचालक के बेटे इमरान ने तुरंत मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पीड़ित समसू खान ने बताया कि गाड़ी की चाबी तो सेल्समैन के पास ही थी, लेकिन ट्रेलर के अंदर गाड़ी के सभी जरूरी और असली दस्तावेज रखे हुए थे, जो गाड़ी के साथ ही चोरी चले गए।
आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन करने के बाद जब गाड़ी का कोई सुराग नहीं लगा, तो पीड़ित ने 13 जून को किशनगढ़बास थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें अब सीसीटीवी फुटेज में दिख रही काली स्कॉर्पियो के नंबर और बदमाशों के हुलिए के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।