अलवर

राजगढ़ में धूमधाम से मनाया गया भगवान महावीर का जन्मोत्सव, निकली भव्य रथयात्रा

सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह के संदेशवाहक भगवान महावीर स्वामी का 2553 वां जन्मोत्सव सोमवार को राजगढ़ कस्बे में श्री दिगम्बर जैन समाज की ओर से अपार हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया।
2 min read
Mar 30, 2026
Feature image

सत्य, अहिंसा और अपरिग्रह के संदेशवाहक भगवान महावीर स्वामी का 2553 वां जन्मोत्सव सोमवार को राजगढ़ कस्बे में श्री दिगम्बर जैन समाज की ओर से अपार हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर समूचा कस्बा महावीर स्वामी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

भव्य रथयात्रा और शाही लवाजमा

समारोह का मुख्य आकर्षण भगवान महावीर की भव्य रथयात्रा रही। कार्यक्रम की शुरुआत कमेटी की गली स्थित श्री दिगम्बर जैन मन्दिर से हुई, जहाँ विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान महावीर (श्रीजी) को सुसज्जित पालकी में विराजमान किया गया। रथयात्रा में शामिल श्रद्धालु 'त्रिशला नन्दन वीर की, जय बोलो महावीर की' जैसे नारों के साथ आगे बढ़ रहे थे। रथयात्रा के दौरान कस्बे की सड़कों पर उत्सव जैसा माहौल रहा। बैंड-बाजों की मधुर लहरियों के बीच यह शोभायात्रा अनाज मण्डी, चौपड़ बाजार, कांकवाड़ी बाजार और गोल सर्किल जैसे मुख्य मार्गों से होकर गुजरी।

फूलों से हुआ स्वागत, थिरकती रहीं महिलाएं

शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। समाज के लोगों ने जगह-जगह श्रीजी की आरती उतारी और पूजन किया। भक्ति रस में सराबोर महिलाएं पूरी यात्रा के दौरान धार्मिक भजनों पर नृत्य करती हुई चल रही थीं, जो वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना रहा था।

नसियाजी मन्दिर में धार्मिक अनुष्ठान

विभिन्न मार्गों से होते हुए रथयात्रा मेला का चौराहा स्थित नसियाजी मन्दिर पहुँची। यहाँ श्रीजी का अभिषेक, विशेष पूजन और शान्ति धारा के कार्यक्रम संपन्न हुए। जैन धर्मावलंबियों ने विश्व शांति और लोक कल्याण की मंगल कामना की। धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया और दोपहर को विशाल सामूहिक भोज का आयोजन हुआ, जिसमें समाज के सैकड़ों लोगों ने पंगत में बैठकर भोजन प्रसादी ग्रहण की। समारोह में सैकड़ों की संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। कार्यक्रम के सफल आयोजन ने राजगढ़ में जैन समाज की एकता और अटूट श्रद्धा की एक अनुपम मिसाल पेश की।


समाज के प्रमुख लोगों की उपस्थिति

इस भव्य समारोह के दौरान श्री दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष राजेन्द्र जैन सहित प्रमुख पदाधिकारी व समाजसेवी उपस्थित रहे। जिनमें सुभाष जैन, संतोष जैन, राजीव जैन, दिलीप जैन, मोतीलाल जैन, रजनी जैन आदि मौजूद रहे।

Updated on:
30 Mar 2026 11:26 am
Published on:
30 Mar 2026 11:26 am