अलवर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी सौगात के रूप में महवा–मंडावर–राजगढ़ मेगा हाईवे को चार लेन का बनाने की स्वीकृति मिल गई है।
अलवर जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए बड़ी सौगात के रूप में महवा–मंडावर–राजगढ़ मेगा हाईवे को चार लेन का बनाने की स्वीकृति मिल गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-921 की मौजूदा दो लेन सड़क को अब चार लेन में परिवर्तित किया जाएगा। इसके लिए केंद्र सरकार ने 862.22 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना की जानकारी दी।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना प्रस्तावित महवा बाईपास के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-21 के जंक्शन से शुरू होकर कोठी नारायणपुर के समीप राज्य राजमार्ग-25 तक विकसित की जाएगी। सड़क के चार लेन में उन्नयन से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और यात्रियों को समय व ईंधन दोनों की बचत होगी।
परियोजना के अंतर्गत ट्रैफिक फ्लो और सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-921 के जंक्शन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर एक फ्लाईओवर का निर्माण भी किया जाएगा। इससे दुर्घटनाओं में कमी आने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
चार लेन हाईवे बनने से महवा, मंडावर, राजगढ़ और आसपास के कस्बों के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, साथ ही क्षेत्रीय कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। स्थानीय लोगों ने इस परियोजना को विकास की दिशा में अहम कदम बताया है।