
आयोजित कार्यक्रम (फोटो - पत्रिका)
बहरोड़ के बाबा नारायण दास महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता विषय पर विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजस्थान पत्रिका के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिश के जन्म शताब्दी वर्ष और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा।
सेमिनार में मुख्य वक्ता के रूप में बहरोड़ कोतवाली थाना प्रभारी अंकित सामरिया ने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग और डेटा गोपनीयता से जुड़े खतरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में आत्मनिर्भर बनने के लिए केवल आर्थिक स्वतंत्रता ही नहीं, बल्कि आत्मरक्षा और कानूनी जानकारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी अपराध के खिलाफ डटकर आवाज उठाने का आह्वान किया और पुलिस की ‘राजकॉप सिटीजन ऐप’ के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ महाप्रबंधक और साइबर विशेषज्ञ पीयूष जैन ने बैंकिंग फ्रॉड से बचने के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें और बिना जांचे-परखे कोई ऐप डाउनलोड न करें।
राजस्थान पुलिस की ‘कालिका पेट्रोलिंग यूनिट’ के कांस्टेबल सरोज और नरेश ने छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेल्पलाइन नंबर 1930, 1090, 112 और 1098 की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत सिंह शेखावत ने की। इस दौरान सतपाल यादव, सुनील यादव, नवीन यादव, कैलाश चंद, अलका शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहीं।
Published on:
06 Mar 2026 04:39 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
