अलवर

रकबर की मौत के बाद मेव समाज का ऐलान, अब इस दिन होगी महापंचायत, जुटेंगे हजारों लोग

https://www.patrika.com/alwar-news/
2 min read
Aug 08, 2018
Mev Community Will Organise Maha Panchayat On 19th August In Alwar
रकबर की मौत के बाद मेव समाज का ऐलान, अब इस दिन होगी महापंचायत, जुटेंगे हजारों लोग

अलवर के रोड नम्बर 2 स्थित मेव बोर्डिंग में पंचायत का आयोजन किया गया। यह पंचायत पिछले माह रामगढ़ के ललावंडी गांव में गोतस्करी के शक में रकबर की हत्या को लेकर आयोजित की गई। पंचायत में मेव समाज के सैकड़ों लोग मौजूद थे। मेव समाज के साथ एससी/एसटी समाज के लोग व पदाधिकारी भी मौजूद थे। मेव पंचायत ने निर्णय लिया है कि अब 19 सितंबर को महापंचायत होगी। महा पंचायत का स्थान अभी तय नहीं है।

पंचायत में मेव बोर्डिंग के संरक्षक शेर मोहम्मद ने अलवर शहर विधायक बनवारी लाल सिंघल पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे मुसलमानों के खिलाफ भडक़ाउ भाषण दे रहे हैं। शेर मोहम्मद ने कहा कि वे काफी दुखद हैं। शेर मोहम्मद ने कहा कि अब मेव समाज किसी भी अत्याचार को नहीं सहेगा। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस पर भी आरोप लगाए। शेर मोहम्मद ने शहर विधायक बनवारी लाल सिंघल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विधायक कहते हैं कि रकबर की मौत जहर खाने के बाद हुई, क्या वे चिकित्सक हैं?

कांग्रेस पर भी लगाए आरोप

मेव बोर्डिंग के संरक्षक शेर मोहम्मद ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने 70 सालों में मुसलमानों का विकास नहीं किया। कांग्रेस की वजह से ही मुसलमान अब तक पिछड़ा है। शेर मोहम्मद ने कहा कि वे स्वयं चुनावों में कांग्रेस व भाजपा के खिलाफ प्रचार करेंगे।

दलित व मुसलमान साथ आएं

पंचायत में कई वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि दलित व मुसलमान साथ आएं। दलित नेता सूरजमल कर्दम ने कहा कि भाजपा सरकार मुसलमानों व दलितों को कुचलने पर तुली हुई है। पंचायत के दौरान डेयरी चैयरमेन बन्नाराम मीणा ने वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए एकजुट रहने की बात कही।

विधायक बनवारी लाल सिंघल ने किया मार्च

जिस वक्त मेव बोर्डिंग में यह पंचायत चल रही थी, उसी समय शहर विधायक बनवार लाल सिंघल कार्यकर्ताओं के साथ वहां से गुजरे। मेव बोर्डिंग के बाहर वे गाड़ी से उतरे तो पुलिस ने तत्काल उन्हें गाड़ी में बैठा दिया, इस दौरान वहां काफी भीड़ इक_ा हो गई।

हरियाणा बॉर्डर पर गाडिय़ों को रोका

पंचायत में हरियाणा से शामिल होने आ रहे मेव समाज के लोगों को हरियाणा बॉर्डर पर ही रोक दिया गया। हरियाणा बॉर्डर से आने वाली गाडिय़ों की चैकिंग भी की गई।

भारी पुलिस बल रहा मौजूद

मेव बोर्डिंग के बाहर भारी संख्या में पुलिस कर्मी व स्पेशल फोर्स मौजूद रही। मेव बोर्डिंग पर कोई हताहत न हो, इसलिए पुलिस के आला अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
08 Aug 2018 03:31 pm