अलवर जिले के पिनान में रविवार को राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम का भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
अलवर जिले के पिनान में रविवार को राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम का भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने जोरदार स्वागत किया। भाजपा के राजगढ़–लक्ष्मणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी बन्नाराम मीना की ओर से छप्पर हाउस पर होली मिलन समारोह एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जानकारी के अनुसार मंत्री जवाहर सिंह बेडम बृजनगर के आलमशाह में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद थानागाजी के मोतीमहल में दिवंगत पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना की मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे। इसी दौरान वे पिनान स्थित छप्पर हाउस पहुंचे, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा, माला, साफा व दुपट्टा पहनाकर तथा तलवार भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर मंत्री बेडम ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पिनान में पुलिस थाना खोलने का निर्णय क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। उन्होंने बताया कि यहां एक्सप्रेस-वे होने से कई राज्यों से कनेक्टिविटी है, जिससे आपराधिक गतिविधियों की संभावना रहती है। पुलिस थाना खुलने से अपराधों पर अंकुश लगेगा और गौ तस्करी जैसे मामलों पर भी सख्ती से कार्रवाई हो सकेगी।
मंत्री ने महुआ मंडावर से कोठी नारायणपुर तक स्वीकृत राष्ट्रीय राजमार्ग 921 के लिए राशि स्वीकृत होने की जानकारी भी दी और इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम में अलवर जिला प्रमुख बलवीर छिल्लर, पूर्व विधायक रामहेत यादव, सवाई माधोपुर भाजपा जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, राजगढ़ नगरपालिका चेयरमैन सतीश दुहारिया सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मंत्री बेडम थानागाजी के लिए रवाना हो गए।