
अलवर. सरकार ने पोक्सो एक्ट में संशोधन कर 12 साल तक के बच्चों से रेप के दोषियों को मौत की सजा का कानून तो बना दिया, लेकिन इसके बाद भी नाबालिगों से दुष्कर्म की वारदातें थम नहीं रही हंै। इस मामले में अलवर शुरू से शर्मसार रहा है। अलवर में साल-दर-साल नाबालिगों से दुष्कर्म की वारदातें बढ़ रही हैं।
अब फिर से एक सात माह की अबोध बालिका से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। रौंगटे खड़े कर देने वाले इस मामले से साफ हो गया है कि अलवर में बालिकाएं घर तक में सुरक्षित नहीं हैं। जानकारों की मानेंं तो दुष्कर्म के मामलों के बढऩे का बुजुर्गों की टोकाटोकी का बंद होना है। पहले संयुक्त परिवार होते थे। परिवार के किसी सदस्य के बाहर जाने पर भी घर के अन्य सदस्यों की नजरें बच्चों पर बनी रहती थी। अब ऐसा नहीं है। सामाजिक असम्बद्धता से अपराध का प्रजनन हो रहा है।
नशे की प्रवृत्ति से बढ़ रहा अपराध
उधर, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. ओपी गुप्ता के अनुसार नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से अपराध बढ़ता है। दुष्कर्म की घटनाएं भी इसी का परिणाम हैं। दरअसल, नशे में व्यक्ति का इन्द्रियों पर नियंत्रण नहीं रहता। वह स्वयं को पावरफुल सिद्ध करने के लिए अपराध करता है। गुप्ता के अनुसार दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं का एक अन्य कारण पारिवारिक संरचना है।
ऐसी प्रवृत्ति उन लोगों में अधिक होती है, जो अपने घर में मां पर अत्याचार, कलह आदि बचपन से देखते हैं। इंटरनेट सहित अन्य संचार माध्यम भी इसके एक कारण हैं। गुप्ता के अनुसार बदलते माहौल में परिवार के सदस्यों की जिम्मेदारी बनती है कि वे अपने बच्चों को समय दें। उनसे इंटररेक्शन करें। सामाजिक संगठन भी ऐसी घटनाओं की रोकथाम में अपनी भूमिका निभाएं और लोगों को जागरूक करें।
हर दूसरे दिन नाबालिग से दुष्कर्म
अलवर जिले में इस साल केवल चार माह में ही 63 नाबालिगों से दुष्कर्म के मामले सामने आए हैं। यानी जिले में हर दूसरे दिन एक नाबालिग से दुष्कर्म की वारदात हो रही हैं, जो कि चिंताजनक है। पुलिस के आंकड़ों पर गौर करें तो वर्ष 2016 में अप्रेल माह तक जिले में 41 नाबालिगों से दुष्कर्म के मामले सामने आए। अप्रेल 2017 में इनकी संख्या भले ही घटकर 34 रह गई, लेकिन नाबालिगों दुष्कर्म थमा नहीं। ऐसे मामलों में पुलिस ने सख्त रवैया अपनाते हुए पोक्सो एक्ट में मामले दर्ज किए, लेकिन नाबालिगों पर ‘गंदी’ नजर बरकरार रही।
ये है नाबालिगों से दुष्कर्म की हकीकत (पोक्सो एक्ट में दर्ज मामले)
वर्ष दर्ज मामले
2015 118
2016 120
2017 137