
अलवर शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में सास ने अपनी बहू व अन्य लोगों पर तिजोरी से 10 लाख रुपए के पुश्तैनी सोने के आभूषण, संपत्ति के मूल दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामान गायब करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही पीड़ित पक्ष की एफआइआर के आधार पर बहू व उसके परिजनों के बयान लेगी। बयान के आधार पर जांच करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मालवीय नगर निवासी कमलेश नेहरा ने रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र निखिल नेहरा का विवाह 17 नवंबर, 2025 को जयपुर निवासी अनुष्का हमीरवासिया से हुआ था। विवाह के बाद उन्होंने पुत्रवधू पर विश्वास जताते हुए घर में रखी लोहे की सेफ की मूल चाबी उसे सौंप दी थी। बाद में अनुष्का अपने पति के साथ हनुमानगढ़ रहने चली गई और सेफ की चाबी भी अपने साथ ले गई। बहूत होने की वजह से उन्होंने शक नहीं किया। लेकिन 7 अगस्त, 2026 को प्रार्थिया को पुत्र से सूचना मिली कि हनुमानगढ़ स्थित उसके निवास पर चोरी की घटना हुई है तथा इस संबंध में हनुमानगढ़ जंक्शन में अभियुक्ता अनुष्का (बहू) एवं अन्य के विरुद्ध एफआइआर भी पंजीबद्ध हो चुकी है। वहां भी एफआइआर के आधार पर जांच शुरू हो गई है।
इसके बाद उन्हें अपने घर की सेफ में रखे सामान को लेकर संदेह हुआ। जब सेफ खोलने का प्रयास किया गया तो मूल चाबी उपलब्ध नहीं होने के कारण सेफ तुड़वानी पड़ी। सेफ खुलने पर कमलेश के होश उड़ गए। उसमें रखे पुश्तैनी और अन्य सोने के आभूषण, संपत्ति के मूल दस्तावेज तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख गायब मिले। परिवाद में चोरी या गबन किए गए स्वर्णाभूषणों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 10 लाख रुपए बताया गया है।
प्रार्थिया ने आरोप लगाया है कि अनुष्का ने अपने माता-पिता शशिकला और महेश हमीरवासिया के साथ मिलकर पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत यह कृत्य किया तथा चोरी की संपत्ति और दस्तावेज उनके कब्जे में होने की आशंका जताई है। शिकायत में दस्तावेजों के संभावित दुरुपयोग की भी आशंका व्यक्त करते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है।