अलवर जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। जिलेभर के पटवारी मिनी सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे रहे।
अलवर जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। जिलेभर के पटवारी मिनी सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। इस दौरान पटवारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर डॉ. अर्तिका शुक्ला से मुलाकात कर सस्पेंड पटवारी करण सिंह चौधरी को तुरंत बहाल करने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने साफ शब्दों में चेताया कि यदि बहाली नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
दरअसल, पटवारी करण सिंह चौधरी को देवखेड़ा क्षेत्र में तैनाती के दौरान विरासत भूमि के इंतकाल से जुड़े एक प्रकरण में 24 दिसंबर 2025 को निलंबित किया गया था। बाद में सिविल सेवा प्राधिकरण ने 7 जनवरी को निलंबन आदेश पर स्थगन दे दिया, लेकिन इसके बावजूद अब तक बहाली नहीं की गई। इसी को लेकर पटवारियों में गहरा आक्रोश है।
राजस्थान पटवार संघ अलवर के जिला महामंत्री संतोष कुमार ने बताया कि बहाली की मांग को लेकर 27 जनवरी सहित कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संघ के संयुक्त मंत्री मनोज कुमार मीणा ने कहा कि कोर्ट का स्टे ऑर्डर दिखाने और एक दिन की पेन डाउन हड़ताल के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर सभी पटवारी हड़ताल पर जाने को मजबूर हुए।
हड़ताल के चलते नामांतरण, रिकॉर्ड दुरुस्ती सहित सभी राजस्व कार्य ठप हो गए हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।