
अलवर. वारदात के बाद अपराधियों का चेहरा-मोहरा, नाम-पता आदि जानने की पुलिस को जरूरत नहीं पड़ेगी। अपराधियों के लिए उनकी आवाज ही अब जान की दुश्मन बनेगी। पुलिस आवाज के आधार पर अपराधियों को धर दबोचेगी। पुलिस के ‘अभेद’ एप में अब आवाज का फीचर जोड़ा गया है। जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अभेद एप में अब तक अपराधियों के फोटो, नाम-पता व फिंगर प्रिंट से मिलान की सुविधा थी। अब एप आवाज का भी मिलान कर बता देगा। वारदात के समय भले ही अपराधी चेहरे पर नकाब पहने हो, उसकी आवाज उसका भेद खोल देगी। वारदात के बाद सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग का पुलिस अभेद एप से मिलान कराएगी। इस दौरान आवाज के मैच होते ही अपराधी की तस्वीर एप पर आ जाएगी।
कई मामलों में मिला फायदा
एसपी ने एप की परख खुद पर प्रयोग करके की। उन्होंने एप में अपना डाटा फीड पर पहले हिन्दी और फिर इंग्लिश में अपनी आवाज एप से मैच कराई। सर्च करने पर दोनों बार उनका फोटो व रिपोर्ट स्क्रीन पर आ गई। अलवर पुलिस किसी भी अपराधी को गिरफ्तार करने के बाद फोटो, नाम-पता व फिंगर प्रिंट के साथ-साथ एक पन्ना पढ़वाकर उसकी आवाज भी एप में डालेगी।
आसान नहीं रहेगा फोन पर धमकी देना
अभेद एप से आवाज के मिलान का सबसे अधिक फायदा फोन आदि पर धमकी के मामलों में मिलेगा। एेसे मामलों में पुलिस के पास आवाज की रिकॉर्डिंग के अलावा अन्य कोई सबूत नहीं होता। एेसे में यह दावा करना मुश्किल होता है कि यह आवाज फलां व्यक्ति की है। अब पुलिस एेसी रिकॉर्डिंग को अभेद एप से मैच कराएगी।
पुलिस को अभेद एप का फायदा कई मामलों में मिल चुका है। हाल ही नीमराणा में ज्वेलर से लूट के बाद जब पुलिस ने वारदात के वीडियो का एप से मिलान कराया तो उनमें से एक आरोपित हरिया की पहचान हो गई। अब एप में आवाज से मिलान की सुविधा शुरू होने पर पुलिस बहरोड़ में पार्षद त्रिलोक की हत्या के आरोपित सुनील जाट को अजमेर जेल से अलवर लाई है। दरअसल, सुनील ने बहरोड़ में कई लोगों को धमकी दी थी। अब पुलिस उसकी आवाज का धमकियों की रिकॉर्डिंग से मिलान करेगी।
कोडवर्ड में बात की भी नहीं चलेगी चाल
वारदात के समय अपराधी का कोडवर्ड अथवा कअलग-अलग भाषाओं में बात करना भी उसे नहीं बचा सकेगा। अभेद एप हिन्दी, इंग्लिश, तमिल, तेलगू सहित अलग-अलग भाषाओं में बात करने पर भी आवाज के आधार पर असली व्यक्ति को पहचान लेगा।
एसपी ने किया प्रयोग