17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सरिस्का टाइगर रिजर्व में पहली बार दिखी दुर्लभ ‘कॉमन नवाब’ तितली, कैमरे में कैद हुई तस्वीर

राजस्थान के अलवर स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। यहां पहली बार दुर्लभ प्रजाति की वन तितली 'कॉमन नवाब' को देखा गया है। फील्ड बायोलॉजिस्ट धवल डोंगा ने इस खूबसूरत तितली को अपने कैमरे में कैद किया है, जो उत्तरी राजस्थान में इसका पहला प्रमाण है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अलवर

•

image

Rajendra Banjara

•

Updated: 17 Nov 2026, 11:39 AM IST

sariska tiger rare nawab butterfly

सरिस्का में पहली बार दिखी दुर्लभ वन तितली ‘कॉमन नवाब’

अलवर के सरिस्का टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के साथ अब दुर्लभ तितलियों की मौजूदगी भी सामने आ रही है। यहां पहली बार दुर्लभ वन तितली कॉमन नवाब देखी गई है। फील्ड बायोलॉजिस्ट धवल डोंगा ने इसे कैमरे में कैद किया है। यह सरिस्का और उत्तरी राजस्थान में इस प्रजाति का पहला फोटोग्राफिक साक्ष्य है।

राजस्थान में अब तक सिर्फ माउंट आबू और उदयपुर में थी मौजूदगी

सरिस्का टाइगर रिजर्व में मिली इस तितली को लेकर वन्यजीव प्रेमियों और प्रकृति के जानकारों में उत्सुकता है। क्षेत्र निदेशक संग्राम सिंह कटियार ने बताया कि आकर्षक वन तितली कॉमन नवाब राजस्थान में अब तक केवल दक्षिणी अरावली क्षेत्र में ही दर्ज की गई थी। प्रदेश में इसकी मौजूदगी माउंट आबू और उदयपुर में सामने आई थी। अब पहली बार इसे सरिस्का में देखा गया है। इससे सरिस्का के वन क्षेत्र में पाई जाने वाली जैव विविधता की एक नई जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे परियोजना कार्यालय के पास फील्ड बायोलॉजिस्ट धवल डोंगा की नजर इस तितली पर पड़ी। उस समय तितली नम मिट्टी से लवण और खनिज ग्रहण कर रही थी। इसी दौरान धवल डोंगा ने उसकी तस्वीर कैमरे में कैद कर ली। बाद में इसकी पहचान दुर्लभ वन तितली कॉमन नवाब के रूप में हुई।

तेज गति से उड़ती है कॉमन नवाब तितली

कॉमन नवाब तितली दिखने में काफी आकर्षक होती है। इसके गहरे भूरे और काले रंग के पंखों पर चौड़ी हल्की हरी पट्टी बनी होती है। यह तितली काफी तेज गति से उड़ती है, इसलिए इसे सामान्य तौर पर देख पाना आसान नहीं होता। नम मिट्टी से खनिज और लवण ग्रहण करते समय इसका रुकना तस्वीर लेने का अच्छा मौका बना।

सरिस्का की जैव विविधता के लिए अहम जानकारी

सरिस्का टाइगर रिजर्व अलवर ही नहीं, बल्कि राजस्थान के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक बाघों और अन्य वन्यजीवों को देखने पहुंचते हैं। सरिस्का में बाघों के अलावा कई तरह के पक्षी, वन्यजीव, पेड़-पौधे और कीट-पतंगे भी पाए जाते हैं।

कॉमन नवाब तितली का यहां मिलना सरिस्का के प्राकृतिक वातावरण और जैव विविधता से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी है। खास बात यह है कि इस तितली का सरिस्का में मिलना केवल देखे जाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी तस्वीर भी उपलब्ध है। इससे उत्तरी राजस्थान में इस प्रजाति की मौजूदगी का पहला फोटोग्राफिक रिकॉर्ड तैयार हुआ है। वन्यजीवों के साथ तितलियों और दूसरे छोटे जीवों का अध्ययन भी सरिस्का के जंगलों की जैव विविधता को समझने में मददगार हो सकता है।