अलवर

राजस्थान पंचायत चुनाव: 171 ग्राम पंचायतों में वोटिंग, तिजारा में सबसे ज्यादा उत्साह

राजस्थान पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा जिले की 171 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। दोपहर 1 बजे तक खैरथल-तिजारा जिले में तिजारा में सबसे अधिक 58.14 प्रतिशत और किशनगढ़बास में 55.72 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मेड़-कुंडला में 48.76 प्रतिशत, विराटनगर में 46.58 प्रतिशत, बहरोड़ में 44.75 प्रतिशत और नीमराणा में 44.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
3 min read
• •
Updated: 5 Nov 2026, 1:58 PM IST
rajasthan panchayat chunav phase 3 voting
राजस्थान पंचायत चुनाव: किशनगढ़बास (फोटो - पत्रिका)

राजस्थान पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को कोटपूतली-बहरोड़ और खैरथल-तिजारा जिले की 171 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हो रहा है।ग्रामीण क्षेत्रों में पंच और सरपंच चुनने को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कोटपूतली-बहरोड़ जिले की चार पंचायत समितियों की 108 ग्राम पंचायतों और खैरथल-तिजारा जिले की किशनगढ़बास व तिजारा पंचायत समितियों की 63 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जा रहा है। वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी।

मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोग पहुंचने लगे। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए कतारों में खड़े दिखाई दिए। कई बूथों पर महिलाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। किशनगढ़बास के ओदरा गांव के मतदान केंद्र पर महिलाओं की लंबी लाइन लगी रही। वहीं नीमराणा क्षेत्र के ढूंढारिया मतदान केंद्र पर भी सुबह से काफी चहल-पहल रही।

दोपहर 1 बजे तक तिजारा में 58.14 प्रतिशत मतदान

दोपहर 1 बजे तक खैरथल-तिजारा जिले में तिजारा में सबसे अधिक 58.14 प्रतिशत और किशनगढ़बास में 55.72 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मेड़-कुंडला में 48.76 प्रतिशत, विराटनगर में 46.58 प्रतिशत, बहरोड़ में 44.75 प्रतिशत और नीमराणा में 44.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

नीमराणा बीचपुरी मतदान केंद्र
नीमराणा बीचपुरी मतदान केंद्र
नीमराणा

नीमराणा की पीपली ग्राम पंचायत में हल्का विवाद

मतदान के दौरान नीमराणा क्षेत्र की पीपली ग्राम पंचायत में हल्का विवाद होने की जानकारी सामने आई। हालांकि, विवाद के कारणों और उसके बाद की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अन्य क्षेत्रों में मतदाता अपने-अपने बूथ पर पहुंचकर मतदान करते नजर आए।

सुबह 10 बजे तक कहां कितनी वोटिंग?

सुबह 10 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार खैरथल-तिजारा जिले की तिजारा पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 28.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। किशनगढ़बास में 26.45 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला।

वहीं कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मेड़-कुंडला पंचायत समिति में 22.79 प्रतिशत मतदान हुआ। विराटनगर में 22.65 प्रतिशत, नीमराणा में 20.88 प्रतिशत और बहरोड़ में 20.21 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।

इन आंकड़ों के अनुसार शुरुआती मतदान में तिजारा सबसे आगे रहा, जबकि कोटपूतली-बहरोड़ जिले में मेड़-कुंडला में सबसे ज्यादा मतदान हुआ।

शाम 6 बजे तक होगा मतदान

तीसरे चरण के पंचायत चुनाव में मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। इसके लिए मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं की गई हैं। ग्रामीण मतदाताओं की भागीदारी से गांवों में चुनावी माहौल बना हुआ है। पंच और सरपंच पदों के लिए हो रहे इस चुनाव में ग्रामीण अपने गांव की स्थानीय सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। अब सभी की नजरें मतदान समाप्त होने और चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।

Updated on:
5 Nov 2026, 1:58 PM IST
Published on: