
representative picture
त्योहारी सीजन (Festive Season) में घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों को कन्फर्म टिकट (Confirmed Ticket) मिलना मुश्किल हो रहा है। रेलवे की प्रमुख ट्रेनों में नवंबर के मध्य तक सीटों की उपलब्धता बेहद कम हो गई है। कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट (Waiting List) काफी लंबी है, जबकि कुछ में स्लीपर क्लास (Sleeper Class) में नो रूम की स्थिति बन गई है।
अलवर से गुजरने वाली 12414 गलता धाम पूजा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 17 नवंबर तक औसत वेटिंग 40 है। 15014 रानीखेत एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में अधिकांश दिनों में नो रूम की स्थिति है। इसी तरह 12916 आश्रम एक्सप्रेस में 21 नवंबर तक औसत वेटिंग 66 तक पहुंच गई है। 15 नवंबर को इस ट्रेन में वेटिंग 128 के पार है।
14662 शालीमार मालानी एक्सप्रेस में 17 नवंबर तक औसत वेटिंग करीब 40 चल रही है। वहीं 15716 किशनगंज गरीब नवाज एक्सप्रेस में 19 नवंबर तक नो रूम है। 12413 गलता धाम पूजा सुपरफास्ट एक्सप्रेस में पूरे नवंबर स्लीपर क्लास की औसत वेटिंग 76 तक पहुंच गई है। कई तारीखों में यह 100 से 143 के पार है। 19403 भुज-दिल्ली एक्सप्रेस में भी 16 नवंबर तक नो रूम की स्थिति बनी हुई है।
ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने के कारण कई यात्री बसों का विकल्प तलाश रहे हैं। इसका असर बसों की बुकिंग (Bus Booking) पर भी दिखाई देने लगा है। दिवाली से दो दिन पहले ही दिल्ली और जयपुर जाने वाली बसों में सीटों की मांग काफी बढ़ गई है। स्लीपर बसों में भी एडवांस बुकिंग (Advance Booking) हो रही है। यात्रियों को मनचाहे समय पर सीट मिलना मुश्किल हो रहा है।
त्योहारी सीजन में निजी ट्रेवल एजेंसियों के वाहनों की मांग बढ़ने के साथ ही किराए में भी इजाफा हो गया है। यात्रियों का कहना है कि ज्यादा पैसे देने के बाद भी मनचाहे समय पर वाहन उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में परिवार के साथ त्योहार मनाने जाने वाले लोगों को पहले से ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।
त्योहार के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों के सामने भी यही समस्या आने की संभावना है। ट्रेनों में पहले से लंबी वेटिंग और बसों में एडवांस बुकिंग के चलते यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनानी पड़ रही है।
दिवाली के बाद कामकाज पर लौटने वाले लोगों को भी टिकट और सीटों के लिए मशक्कत करनी पड़ सकती है। नवंबर के मध्य तक ट्रेनों में वेटिंग की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में यात्रियों को ट्रेन और बस दोनों के विकल्प देखकर यात्रा की तैयारी करनी पड़ रही है।
Updated on:
5 Nov 2026, 2:07 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 2:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.