टपूकड़ा नगरपालिका क्षेत्र में मैन बाजार और सरकारी कार्यालयों की ओर जाने वाली मुख्य सड़क को पानी की पाइपलाइन डालने के लिए खोदकर छोड़ दिए जाने का मामला सामने आया है।
टपूकड़ा नगरपालिका क्षेत्र में मैन बाजार और सरकारी कार्यालयों की ओर जाने वाली मुख्य सड़क को पानी की पाइपलाइन डालने के लिए खोदकर छोड़ दिए जाने का मामला सामने आया है। पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई, जिससे मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और पत्थर पड़े हुए हैं। इस कारण राहगीरों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग बाजार और सरकारी कामकाज के लिए इसी मार्ग से गुजरते हैं। खराब सड़क के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलने का डर बना रहता है, वहीं चारपहिया वाहनों को भी निकलने में दिक्कत हो रही है। गड्ढों से दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ गई है।
लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने मांग की है कि पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क की तुरंत मरम्मत कराई जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और हादसों से बचाव हो सके।