अलवर

घोषणा के छह साल बाद भी राजकीय महाविद्यालय को नहीं मिला भवन, 550 विद्यार्थी स्कूल भवन में पढ़ने को मजबूर

Feb 09, 2026
Feature image

कठूमर. उपखंड मुख्यालय कठूमर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के चार कमरों के उधार के भवन में चल रहे राजकीय महाविद्यालय को छह साल बीत जाने के बावजूद अपना भवन नहीं मिला है। कॉलेज का निर्माण कार्य साढ़े चार करोड़ की लागत से 2022 में शुरू हुआ था, लेकिन फरवरी 2026 तक भवन का निर्माण अधूरा है।तत्कालीन राज्य सरकार ने 2020 में कठूमर में कॉलेज की घोषणा की थी। प्रारंभ में कॉलेज राउमावि कठूमर के चार कमरों में शुरू हुआ। भवन निर्माण के लिए खेल मैदान में कार्य शुरू हुआ, लेकिन निर्माण की धीमी गति के कारण कॉलेज पांचवें वर्ष में भी पुराने स्कूल भवन में ही संचालन कर रहा है। वर्तमान में यहां 550 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों के अनुसार, स्कूल के कमरों में पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं है, बिजली नियमित नहीं आती, फर्नीचर का अभाव है और पीने के पानी के लिए भी परेशानी होती है। एक ही भवन में स्कूल और कॉलेज चलने से वातावरण अशांत और शोरगुल वाला रहता है।

छात्राओं की प्रतिक्रियाएं

स्कूल के भवन के कमरों में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। फर्नीचर का अभाव है। गर्मी में परेशानी होती है।

खुशी पांचाल, बीए तृतीय वर्ष।

...............

राउमावि के कमरों में कोई भी सुविधा नहीं है। नए भवन का निर्माण जल्द होना चाहिए।

गुंजन शर्मा, बीए प्रथम वर्ष।

.............

एक भवन में स्कूल और कॉलेज चलने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। भवन निर्माण तुरंत होना चाहिए।

बुलबुल शर्मा, बीए द्वितीय वर्ष।

..............

फर्म को नोटिस जारी कियाकॉलेज निर्माण को जून 2023 तक पूरा करने का समय दिया था। निर्माण में देरी पर संवेदक को पेनल्टी लगाकर भुगतान किया गया। संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया था, जिसके जवाब में संवेदक ने 31 मार्च 2026 तक निर्माण पूरा करने का शपथ पत्र दिया है। इसके बाद रिस्क एंड कोस्ट के तहत आवश्यक होने पर दूसरे संवेदक से कार्य पूरा कराया जाएगा।

फूलसिंह मीणा, एक्सईएन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, कठूमर।

...............

हम हर महीने सार्वजनिक निर्माण विभाग से कॉलेज निर्माण की प्रगति रिपोर्ट लेते हैं। विभाग ने मार्च 2026 तक भवन हैंडओवर करने का वादा किया है। नए भवन में पढ़ाई के बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध होंगी।रामवतार मीणा, कार्यवाहक प्राचार्य राजकीय महाविद्यालय, कठूमर।

Updated on:
09 Feb 2026 12:40 am
Published on:
09 Feb 2026 12:40 am