अलवर एनईबी थाना पुलिस ने सेवानिवृत्त शिक्षक दंपती से 93 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में एक और गिरफ्तारी की है। पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल अशोक यादव की बेटी प्रियंका (26) को गिरफ्तार
अलवर एनईबी थाना पुलिस ने शिक्षक दंपती के साथ धोखाधड़ी कर 93 लाख रुपए की ठगी के मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी दिनेशचंद ने बताया कि सेवानिवृत्त अध्यापक धर्मवीर यादव और उसकी शिक्षका पत्नी उर्मिला निवासी करनीकोट मुंडावर ने 18 अप्रेल को राजकीय विद्यालय के पदमाडाकलां के प्रिंसीपल अशोक यादव निवासी पुत्र रामस्वरूप निवासी कृष्णा कॉलोनी 60 फीट रोड, उसके बेटे विशाल और बेटी प्रियंका के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था।
मामले में आरोपी प्रिंसीपल और उसके बेटे को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद अब आरोपी प्रिंसीपल की बेटी प्रियंका (26) को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 2 दिन के रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि अप्रेल 2023 में शिक्षक दंपती आरोपी प्रिंसीपल अशोक कुमार के घर गए। इस दौरान आरोपी ने उन्हें शेयर मार्केट के फायदे बताते हुए मोटा मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया।
इस पर उन्होंने आरोपी के झांसे में आकर अपनी बेटी प्रीति यादव के नाम शेयर मार्केट में अकाउंट खुलवा लिया। जो आरोपी के बेटे विशाल यादव ने उसके मोबाइल से बनवाया था। जिसका ओटीपी को भी विशाल यादव को बता दिया। बाद में 16 दिसंबर 2023 को उसकी पत्नी ने आरोपी अशोक कुमार के बताए अनुसार उसकी बेटी के बैंक अकाउंट में साढ़े ग्यारह लाख रुपए डाल दिए। वह खुद भी आरोपी व उसके बेटे के कहे अनुसार अकाउंट में रुपए डालता रहता था।
उसने 31 मार्च 2024 को सेवानिवृत्त होने पर मिले रुपए भी आरोपी प्रिंसिपल, उसके बेटे विशाल व बेटी प्रियंका के कहे अनुसार शेयर मार्केट में लगा दिए। इस तरह उसने अलग-अलग टुकड़ों में 93 लाख रुपए शेयर मार्केट में लगा दिए। बाद में जब उसने रुपए मांगे तो आरोपी प्रिंसीपल ने रुपए देने से मना करते हुए उसके खिलाफ ही मामला दर्ज कराने की धमकी दी।