बाला किला क्षेत्र में उस वक्त रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया, जब अंधेरी क्षेत्र के घने जंगलों में एक साथ तीन टाइगर नजर आए।
बाला किला क्षेत्र में उस वक्त रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया, जब अंधेरी क्षेत्र के घने जंगलों में एक साथ तीन टाइगर नजर आए। सरिस्का टाइगर रिजर्व की बाघिन एसटी-2302 अपने दो नन्हे शावकों के साथ सफारी ट्रैक के बीचों-बीच कतार में बैठे हुए दिखाई दी। यह अद्भुत नजारा देख सफारी पर निकले पर्यटक हैरान और उत्साहित हो गए। शावक उसी स्थान पर मौजूद रहे, जिससे पर्यटकों को भरपूर साइटिंग का अवसर मिला।
यह साइटिंग सरिस्का बफर जोन के अंधेरी इलाके में चोर की होली वॉटर पॉइंट के पास हुई। बाघिन पूरी तरह निश्चिंत नजर आ रही थी और उसके दोनों शावक भी पास ही बैठे खेलते दिखाई दिए। इससे पहले भी यह बाघिन अपने शावकों के साथ इसी क्षेत्र में देखी जा चुकी है। तीन टाइगरों की एक साथ मौजूदगी का वीडियो भी पर्यटकों द्वारा रिकॉर्ड किया गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लगातार हो रही ऐसी साइटिंग्स से न सिर्फ पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है, बल्कि यह सरिस्का में वन्यजीव संरक्षण की सफलता का भी मजबूत संकेत माना जा रहा है। अब क्षेत्र में एक साथ तीन टाइगर दिखना पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन गया है।