सरिस्का बाघ अभ्यारण्य में रविवार सुबह की सफारी पर्यटकों के लिए खास रही।
सरिस्का बाघ अभ्यारण्य में रविवार सुबह की सफारी पर्यटकों के लिए खास रही। सदर रेंज के प्रसिद्ध काला कुआं वॉटर पॉइंट पर टाइगर ST-21 उर्फ ‘युवराज’ ने अपने शाही अंदाज से पर्यटकों का दिल जीत लिया। झाड़ियों से निकलकर पानी पीने पहुंचे बाघ को देखते ही जिप्सियों में सवार पर्यटकों के चेहरों पर उत्साह और रोमांच साफ नजर आया।
रविवार सुबह पहली पारी की सफारी के दौरान करीब 20 मिनट तक टाइगर ST-21 वॉटर पॉइंट पर मौजूद रहा। युवराज पूरी शांति के साथ पानी पीता रहा और आसपास के इलाके का मुआयना करता दिखा। पानी में बाघ की परछाई और उसकी दमदार मौजूदगी ने दृश्य को और भी खास बना दिया।
देशी-विदेशी पर्यटकों ने इस दुर्लभ नजारे को अपने कैमरों में कैद किया। इन दिनों सदर रेंज और बफर जोन में बाघों की सक्रियता बढ़ी है। बेहतर वन्यजीव प्रबंधन और बढ़ती बाघ संख्या के कारण सरिस्का में साइटिंग लगातार हो रही है।