कॉलेज प्रशासन ने प्रतिमा को फिर कपड़े से ढका, विधिवत अनावरण की मांग के लिए छात्रों ने दिया ज्ञापन
अलवर. राजकीय कला कॉलेज में बिना अनुमति के डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण करने वाले छात्र नेता संदीप ओला और हरीश वर्मा को गुरुवार रात शिवाजी पार्क थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शिवाजी पार्क थानाधिकारी हरीसिंह ने बताया कि आट्र्स कॉलेज के प्राचार्य अरुण सिंह ने मामला दर्ज कराया कि छात्र नेता संदीप ओला निवासी कांकरा थाना बहरोड़ व हरीश वर्मा निवासी सहजपुर नंगली थाना एमआईए ने बुधवार रात कॉलेज प्रशासन की बिना अनुमति के कॉलेज परिसर की मौसम वैद्यशाला का ताला तोडकऱ डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण कर दिया। इस दौरान उनके साथ आठ-दस अन्य युवक भी शामिल थे। कॉलेज प्राचार्य की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिह्नित कर छात्र नेता संदीप ओला और हरीश वर्मा गुरुवार देर शाम गिरफ्तार लिया।
अम्बेडकर की मूर्ति को फिर कपड़े में ढका, विधिवत अनावरण की मांग : राजकीय कला महाविद्यालय में बुधवार की रात डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का जबरन अनावरण करने की घटना के विरोध में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुदीप डीगवाल के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रतिमा का जबरन अनावरण करने वाले विद्यार्थियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उधर, कॉलेज प्रशासन व पुलिस तक मामला पहुंचने के बाद गुरुवार को डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को फिर से कपड़े से ढक दिया गया।
प्राचार्य को ज्ञापन दिया: कला महाविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष सुदीप डीगवाल के नेतृत्व में प्राचार्य को ज्ञापन दिया गया। इस ज्ञापन में बताया कि डेढ़ साल पहले कला महाविद्यालय में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगाई गई थी। प्रतिमा के अनावरण की तिथि आ गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने पहले ही प्रतिमा का जबरन अनावरण कर दिया और यहां लगी उद्घाटन पट्टिका भी इन विद्यार्थियों ने तोड दी। उन्होंने प्रतिमा का जबरन अनावरण करने एवं उद्घाटन पट्टिका तोडऩे वाले छात्रों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। वहीं डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के लिए शीघ्र प्लेटफार्म तैयार करने की मांग प्रशासन से की गई।