https://www.patrika.com/alwar-news/
विश्व हिन्दू परिषद की ओर से सोमवार को होपसर्कस पर धर्मसभा का आयोजन हुआ। सभा में विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने साफ तौर पर कहा कि रामगढ़ मामले में गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा के अलवर आगमन से पहले रिहा नहीं किया गया तो गौरव यात्रा को अलवर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। उनका कहना था कि रकबर गोतस्कर था। यदि वह गोतस्कर नहीं था, तो चोरी छिपे रात्रि में गाय क्यों ले जा रहा था? रकबर की मौत पुलिस कस्टडी में होना साबित हो गया है। इसके बाद भी पुलिस ने तीन निर्दोष लोगों को गिरफ्तार किया हुआ है। जो कि सरासर गलत है। धर्मसभा में प्रांत गोरक्षा प्रमुख रामचन्द्र पटेल ने कहा कि जो हमारी गाय माता पर अत्याचार करेगा। गोकशी करेगा, उसे बक्शा नहीं जाएगा।
बजरंग दल के जिला संयोजक प्रेमसिंह राजावत ने कहा कि गोहत्या व गोकशी की घटनाओं ने अलवर को बदनाम कर दिया है। नेता इस मुद्दे पर अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। सरकार गोरक्षकों को दोषी ठहरा गोतस्करों को आर्थिक सहायता दे रही है। जहां-जहां गोकशी व गोतस्करी होती है, उन स्थानों को चिह्वित कर यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो विहिप व बजरंग दल विरोध प्रदर्शन करेगा।
हिंदू महासभा के दौरान अलवर शहर विधायक बनवारी लाल सिंघल ने कहा कि रकबर खान को गोरक्षकों ने नहीं मारा, बल्कि उसकी मौत जहर खाने से हुई है।
16 को अलवर आएंगी मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का गौरव रथ 16 सितंबर को अलवर में प्रवेश करेगा। हिंदू महासभा का कहना है कि अगर गिरफ्तार गोरक्षकों को रिहा किया जाता है तो ही वे मुख्यमंत्री के रथ को अलवर में प्रवेश करने देंगे।
धर्मसभा को साधुसंतों सहित विभाग संघचालक डॉ. केके गुप्ता, प्रांत सहसेवा प्रमुख केदार टांक, विहिप विभागाध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, केशवचंद शर्मा सहित कई लोगों ने संबोधित किया। इस मौके पर ललावंडी प्रकरण में गिरफ्तार तीनों युवकों की माताएं भी मौजूद थी।