अलवर

गोवर्धन हादसे में घायल हुई महिला की मौत, घटना में हो चुकी छह मौत

घटना के 12वें दिन हुई मौत, परिवार में फिर मचा कोहराम

2 min read
Aug 27, 2021
गोवर्धन हादसे में घायल हुई महिला की मौत, घटना में हो चुकी छह मौत

अलवर ग्रामीण. स्वतंत्रता दिवस के दिन गोवर्धन की परिक्रमा देकर लौटते समय सामने से आ रहे ट्रेलर से टकराने पर कार में सवार एक परिवार की 25 वर्षीय महिला जूली की जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में पांच लोगोंं की मौत हो गई थी और तीन जने घायल हुए थे। हादसे में मरने वालों की संख्या छह हो गई है।
गौरतलब है कि मालाखेड़ा के जमालपुर गांव निवासी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू पुत्र प्रहलाद अपनी पत्नी जूली (25), भतीजे अंकित (10) पुत्र ओमकार व भतीजी शिवानी उर्फ अंकिता पुत्री ओमकार, बड़े भाई संदीप की पत्नी रश्मि तथा जीजा सुरेंद्र सिंह पुत्र रिशाल सिंह, दीदी पूनम बाई (25) पत्नी सुरेंद्र सिंह तथा भांजे पूर्व पुत्र सरेंद्र सिंह निवासी भाग्यसर, थाना पाटन जिला सीकर के साथ गोवर्धन की परिक्रमा देकर 15 अगस्त को कार से लौट रहे थे। कार सुरेंद्र चला रहा था और सुबह लगभग साढ़े पांच बजे उसे झपकी आ गई जिससे कार नगर रोड पर तुसारी मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में सुरेंद, पूनम कंवर निवासी सीकर, वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरु, अंकित व शिवानी उर्फ अंकिता निवासी जमालपुर मालाखेड़ा (18) पुत्री ओमकार निवासी अलवर की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस दुर्घटना में जूली पत्नी वीरेंद्र, पूर्व पुत्र सुरेंद्र तथा रश्मि पत्नी संदीप नरूका निवासी जमालपुर घायल हो गए। घायलों को अलवर से जयपुर रैफर किया गया था। घायल नौनिहाल पूरब, रश्मि पत्नी संदीप को जयपुर से आठ दिन बाद छुट्टी दे दी, जबकि जूली का इलाज जारी था। जूली ने गुरुवार को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।


इसी साल 20 जुलाई को हुआ था विवाह
जानकारी के अनुसार 20 जुलाई को दोनों बहन रश्मि और जूली का विवाह जमालपुर निवासी संदीप व उसके भाई वीरेंद्र के साथ हुआ था। सडक़ दुर्घटना में वीरेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई और जूली ने जयपुर में दम तोड़ दिया। शादी के बाद दोनों बहनें जमालपुर गांव में केवल 10 दिन ही रहकर विवाह के पल गुजारे थे। गुरुवार को फिर से जमालपुर के इस परिवार में जूली की मौत के बाद मातम छा गया। परिजन तीन मौतों के बाद अभी उबरे भी नहीं थे कि घर में जूली की मौत पर कोहराम मच गया।

Published on:
27 Aug 2021 02:16 am
Also Read
View All