अंबिकापुर

बस कुछ ही देर में अंबिकापुर पहुंचेंगे गृहमंत्री राजनाथ, ये है उनका आज और कल का शेड्यूल

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह दो दिवसीय दौरे पर सरगुजा में रहेंगे, शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात
2 min read
• •
Updated: 20 May 2018, 2:01 PM IST
Home minister Rajnath Singh
Rajnath singh

अंबिकापुर. केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह अपने दो दिवसीय दौरे पर रविवार की दोपहर 3 बजे सरगुजा पहुुंचेंगे। दरिमा हवाई पट्टी से वे सीधे अंबिकापुर के सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां 3 घंटे विश्राम के बाद शाम 7 बजे से 62वीं बटालियन के अधिकारियों व जवानों के साथ डीनर करेंगे। गृहमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा पूरी तैयारियां की गई हैं। सुरक्षा के लिहाज से शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। शहर की ओर चारों तरफ से आने वाले भारी वाहनों पर ब्रेक लगा दिया गया है।


भारत सरकार के केंद्रीय गृहमंत्री के 2 दिवसीय सरगुजा दौरे को लेकर प्रशासन व पुलिस द्वारा पूरी तैयारियां की गई हैं। दोपहर करीब 3 बजे गृहमंत्री सेना के हेलीकॉप्टर से दरिमा हवाई पट्टी पहुंचेंगे। यहां से वे सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचेंगे। सर्किट हाउस से 6.55 बजे निकलकर वे सीआरपीएफ की 62वीं बटालियन के कार्यालय में पहुंचेंगे।

यहां अधिकारियों व जवानों से चर्चा के बाद शाम 7 से रात 9 बजे तक रात्रि भोज में शामिल होंगे। रात 9 बजे वे फिर सर्किट हाउस पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे। 21 मई की सुबह करीब 9 बजे गृहमंत्री राजनाथ सिंह सड़क मार्ग से लुंड्रा विकासखंड के ग्राम केपी स्थित 241वीं बटालियन के प्रशिक्षण कैंप पहुंचेंगे।

यहां वे पास आउट जवानों के परेड की सलामी लेने के साथ अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां से वे 11.45 बजे सड़क मार्ग से दरिमा हवाई पट्टी पहुंचेंगे तथा आगे के लिए रवाना हो जाएंगे।


सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
केंद्रीय गृहमंत्री के अंबिकापुर आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर के चौक-चौैराहों पर जगह-जगह पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। वहीं भारी वाहनों की शहर के भीतर से आवाजाही रोकी दी गई है। वहीं सुरक्षा को लेकर शनिवार को एयर सर्चिंग भी की गई थी। यह सर्चिंग मैनपाट के तराई इलाकों से लेकर बलरामपुर क्षेत्र में भी हुई थी।

Published on: